लखनऊ, आठ अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश में 781 धार्मिक स्थलों पर सात दिनों में 11047 पौधे रोपे गए। एक आधिकारिक बयान में मंगलवार को यह जानकारी दी गयी।
बयान के अनुसार चैत्र नवरात्रि में वन, वन्यजीव एवं पर्यावरण विभाग की तरफ से ‘शक्ति वाटिका आस्था एवं हरियाली’ की शुरुआत की गयी। यह अभियान एक से सात अप्रैल तक चला।
इसमें कहा गया है कि एक अप्रैल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली के अटल आवासीय विद्यालय, नवाबगंज तहसील में रुद्राक्ष का पौधरोपण किया था।
बयान में कहा गया है कि इस अभियान के तहत सात दिनों में 781 धार्मिक स्थलों पर 11, 047 पौधे लगाए गए, वहीं सर्वाधिक पौधे गोरखपुर मंडल में लगवाए गए। इसके अनुसार, गोरखपुर मंडल में 44 धार्मिक स्थलों पर कुल 1159 पौधे लगाए गए।
राजधानी लखनऊ, वाराणसी एवं प्रयागराज आदि में भी पौधा रोपण किया गया।
वन, वन्यजीव एवं पर्यावरण विभाग के अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (योजना व कृषि वानिकी) दीपक कुमार ने बताया कि चैत्र नवरात्रि पर अप्रैल के प्रथम सप्ताह (एक से सात अप्रैल) तक प्रदेश के समस्त जनपदों में यह अभियान चलाया गया।
कुमार ने बताया कि इस दौरान मंदिर परिसर, आश्रम, विद्यालयों आदि में शक्ति वाटिका की स्थापना की गई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक से सात अप्रैल तक समस्त जनपदों में कुल 781 धार्मिक स्थलों पर कुल 11,047 पौधों का रोपण किया गया।
बयान के मुताबिक ‘शक्ति वाटिका’ आस्था एवं हरियाली स्थापना कार्यक्रम में महिलाओं, जनप्रतिनिधियों, मंदिर परिसर के व्यवस्थापक/ पुजारी, ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, भक्तों, गैर सरकारी संस्थाओं, नगर पंचायत आदि ने हिस्सा लिया।
इसमें कहा गया है कि कई स्थानों पर त्रि-शक्ति वृक्षारोपण (मां दुर्गा हेतु नीम, मां सरस्वती हेतु आम एवं मां पार्वती हेतु कदंब) भी किया गया। इसके अलावा औषधीय, धार्मिक एवं पारिस्थतिकीय महत्व की प्रजातियों (आम, नीम, गुड़हल, अनार, अशोक, पीपल, बरगद, कदम, तुलसी आदि) का भी रोपण किया गया। विद्यालयों में विद्यार्थियों ने पौधों को गोद लेकर उनकी देखभाल का संकल्प लिया।
भाषा आनन्द रंजन
रंजन