दक्षिण मुंबई में ऑस्ट्रेलियाई नौसेना की महिला कर्मी से छेड़छाड़ के आरोप में चालक गिरफ्तार

Ankit
2 Min Read


मुंबई, 24 मार्च (भाषा) दक्षिणी मुंबई में ‘रॉयल ऑस्ट्रेलियन नेवी’ की 23 वर्षीय महिलाकर्मी के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में एक चालक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।


अधिकारी ने बताया कि यह घटना ‘मुंबई पोर्ट ट्रस्ट ग्रीन गेट’ पर शनिवार रात 11:30 बजे उस दौरान हुई जब 32 वर्षीय आरोपी महिलाकर्मी को जहाज पर ले जा रहा था।

उन्होंने बताया, ‘‘येलो गेट पुलिस थाने के पुलिसकर्मी ने कांदिवली निवासी अनिल शरणप्पा कांबले को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता ऑस्ट्रेलियाई नौसेना में है और वर्तमान में उन्हें न्यूजीलैंड के पोत पर तैनात किया गया है। यह पोत मुंबई यात्रा के तहत इंदिरा डॉक पर खड़ा है।’’

अधिकारी ने बताया, ‘‘जब वह शनिवार को पोत पर जा रही थीं तो आरोपी ने उन्हें अपनी ओर खींचा और हाथ मिलाने के बहाने उन्हें गलत तरीके से छुआ। पीड़िता ने पोत में मौजूद अपने सहकर्मियों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी।’’

उन्होंने बताया कि कांबले के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 के तहत एक महिला पर हमला करने और उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया गया है।

अधिकारी ने बताया कि येलो गेट पुलिस थाने में रविवार को मामला दर्ज किया गया और कांबले को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

भाषा प्रीति रंजन

रंजन



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *