(हरिंदर मिश्रा)
जाफा पोर्ट (इजराइल), 16 मार्च (भाषा) तेल अवीव नगरपालिका के सहयोग से यहां भारतीय मिशन द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में रविवार को तीन हजार से अधिक इजराइली और भारतीयों ने जाफा पोर्ट पर होली और यहूदी त्योहार पुरीम मनाया।
दोनों त्योहारों को मनाने के लिए आयोजित ‘इंडिया एट जाफा पोर्ट’ कार्यक्रम में नृत्य, शास्त्रीय संगीत, भारतीय परिधान, मेंहदी, आभूषण और भारतीय व्यंजन सहित भारतीय संस्कृति का जीवंत प्रदर्शन किया गया, जिससे वहां मौजूद लोगों को एक प्रामाणिक भारतीय अनुभव प्राप्त हुआ।
होली और यहूदी त्योहार पुरीम प्रत्येक वर्ष एक ही दिन अथवा एक-दो दिन के अंतर पर होते हैं।
इस कार्यक्रम में देशभर से हजारों भारतीय शामिल हुए, जिनमें भारतीय मूल के इजराइली और भारतीय छात्र भी शामिल थे।
भारतीय त्योहार होली और यहूदी त्यौहार पुरीम में कई समानताएं हैं।
भारतीय मिशन के उप प्रमुख राजीव बोडवाडे ने कहा, ‘‘ये दोनों त्योहार एक ही दिन पड़ते हैं, क्योंकि भारत और इजराइल दोनों ही चंद्र कैलेंडर का पालन करते हैं।’’
बोडवाडे ने कहा, ‘‘यह हमारे बीच सांस्कृतिक समानताओं के कई उदाहरणों में से एक है। यह दोनों देशों के बीच दोस्ती के अनूठे और समृद्ध बंधन को भी जन्म देता है। जबकि बाकी दुनिया उनकी सांस्कृतिक विशिष्टता पर ध्यान केंद्रित कर रही है, भारत और इजराइल अपनी समानताओं का जश्न मनाने में प्रसन्न हैं।’’
भाषा रवि कांत प्रशांत
प्रशांत