लुधियाना, 14 मार्च (भाषा) पंजाब के लुधियाना में होली समारोह के दौरान डीजे पर मनपसंद गीत बजवाने को लेकर शुक्रवार शाम दो समूहों के बीच झड़प हो गई, जिसमें दो व्यक्ति घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना बिहारी कॉलोनी में हुई और इस सिलसिले में सात लोगों को हिरासत में लिया गया है।
सूत्रों ने बताया कि होली के जश्न के दौरान संगीत बजाने को लेकर दो समूहों के बीच तीखी बहस हुई। यह मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर ईंट, पत्थर और अन्य वस्तुएं फेंकना शुरू कर दिया, जिसमें दो लोग घायल हो गए।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पी.एस. विर्क ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में किया।
उन्होंने बताया कि सात लोगों को हिरासत में लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
भाषा योगेश प्रशांत
प्रशांत