चेन्नई, 14 मार्च (भाषा) तमिलनाडु के वित्त मंत्री थंगम थेनारासु ने शुक्रवार को कहा कि राज्य का कर राजस्व (एसओटीआर) 2025-26 में 14.60 प्रतिशत बढ़ने का अनुमान है।
उन्होंने कहा कि राज्य की आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि, करों में संशोधन और संग्रह दक्षता में सुधार के मद्देनजर यह अनुमान लगाया गया है।
उन्होंने कहा, ”आने वाले साल में यह वृद्धि लाभ जारी रहने की उम्मीद है। संसाधन वृद्धि और राजस्व संग्रह दक्षता में सुधार जैसे उपायों से राज्य राजस्व प्राप्तियों में स्वस्थ वृद्धि बनाए रखने का प्रयास करेगा।”
मंत्री ने जोर देकर कहा कि राज्य विकास और कल्याणकारी क्षेत्रों में निवेश और व्यय बढ़ाने का प्रयास करना जारी रखेगा।
थेनारासु ने शुक्रवार को विधानसभा में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए बजट पेश किया।
उन्होंने बजट में प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं के लिए अच्छी खासी धनराशि का आवंटन किया, जिसमें महिलाओं के लिए किराया-मुक्त बस यात्रा योजना शामिल है।
उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 के लिए, सरकार ने इस योजना के लिए 3,600 करोड़ रुपये की सब्सिडी का प्रस्ताव रखा है।
थेनारासु ने रामेश्वरम में एक नए हवाई अड्डे की घोषणा की और कहा कि चेन्नई के पास परंडूर में एक नया हवाई अड्डा स्थापित करने के लिए काम में तेजी लाई गई है।
भाषा पाण्डेय
पाण्डेय