(तस्वीरों के साथ)
भुज, 28 फरवरी (भाषा)राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को गुजरात के कच्छ जिले में 2001 में आए विनाशकारी भूकंप में मारे गए लोगों को समर्पित एवं भुज शहर में स्थापित स्मारक-सह-संग्रहालय का दौरा किया।
राज्य सरकार द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि राष्ट्रपति ने स्मारक, स्मृतिवन की विभिन्न दीर्घाओं का दौरा किया और 24 साल पहले कच्छ जिले में आए शक्तिशाली भूकंप से हुई तबाही के बीच बहादुरी और लचीलेपन की कहानियां सुनीं।
स्मृतिवन भूकंप स्मारक एवं संग्रहालय, देश के आधुनिक इतिहास की सबसे भीषण प्राकृतिक आपदाओं में से एक में मारे गए लगभग 13,000 लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए स्थापित किया गया है।
भारत के राष्ट्रपति के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल से जारी पोस्ट में कहा गया कि राष्ट्रपति मुर्मू बाद में धोर्डो टेंट सिटी में कच्छ के सफेद रण पहुंचीं और स्थानीय कारीगरों से बातचीत की और सूर्यास्त देखा। उन्होंने गुजरात पर्यटन टेंट सिटी, कच्छ में शिल्प स्टालों का दौरा किया, जहां उन्होंने स्थानीय शिल्पकारों के उत्पादों को देखा और उनसे बातचीत की।
सोशल मीडिया साइट पर जारी एक अन्य पोस्ट में कहा गया कि उन्होंने कच्छ के रण में सफेद रेगिस्तान की अपनी यात्रा के दौरान शानदार सूर्यास्त देखा।
भाषा धीरज माधव
माधव