नयी दिल्ली, 27 फरवरी (भाषा) कांग्रेस नेतृत्व ने असम के अपने वरिष्ठ नेताओं के साथ बृहस्पतिवार को बैठक की जिसमें अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों तथा रणनीति को लेकर चर्चा की गई।
कांग्रेस मुख्यालय ‘इंदिरा भवन’ में हुई इस बैठक में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ पार्टी के प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेन बोरा, लोकसभा सदस्य गौरव गोगोई और प्रदेश के कई अन्य नेता शामिल थे।
असम में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार और मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के खिलाफ कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर मोर्चा खोल रखा है। दूसरी तरफ, शर्मा और भाजपा ने हाल ही में कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई की पत्नी पर पाकिस्तान और उसकी पड़ोसी देश की खुफिया एजेंसी ‘आईएसआई’ से संबंध रखने का भी आरोप लगाया था।
गोगोई ने इस आरोप को ‘‘हास्यास्पद’’ बताकर खारिज कर दिया था।
कांग्रेस नेतृत्व शुक्रवार को केरल के पार्टी नेताओं के साथ बैठक करेगा।
केरल के कांग्रेस नेताओं की बैठक इस मायने में महत्वपूर्ण है कि इन दिनों पार्टी के सांसद तथा वरिष्ठ नेता शशि थरूर के अप्रसन्न होने की अटकलें हैं।
तिरुवनंतपुरम से लोकसभा सदस्य थरूर द्वारा एक अखबार में लिखे हालिया लेख पर विवाद पैदा हो गया है। इस लेख में उन्होंने केरल में निवेश माहौल को बढ़ावा देने के लिए वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार की प्रशंसा की है। इसको लेकर वह केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कुछ नेताओं के निशाने पर हैं।
केरल में कांग्रेस मुख्य विपक्षी दल है।
केरल और असम में अगले साल मार्च-अप्रैल में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं।
भाषा हक
हक पवनेश
पवनेश