नयी दिल्ली, 26 फरवरी (भाषा) नागरिक संस्था के सदस्यों ने बुधवार को यमुना तट पर फूलों के साथ प्रतीकात्मक होली मनाई और राष्ट्रीय राजधानी में अत्यधिक प्रदूषित इस नदी को पुनर्जीवित करने के प्रयासों में योगदान देने का संकल्प लिया।
‘यमुना संसद’ नामक सामाजिक संगठन ने यह कार्यक्रम आयोजित किया जिसमें नयी दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज तथा भाजपा विधायक मोहन सिंह बिष्ट, राज कुमार भाटिया, अनिल गोयल और पूनम शर्मा भी शामिल हुईं।
इस कार्यक्रम की शुरुआत पुजारियों द्वारा हवन से हुई और ब्रज मंडल के लोक गायकों ने यमुना की महिमा एवं भगवान कृष्ण के साथ इसके संबंध पर प्रकाश डालते हुए गीत प्रस्तुत किए।
स्वराज ने कहा कि यमुना का पुनरुद्धार केंद्र और दिल्ली में भाजपा की डबल इंजन सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में यह मिशन सफलतापूर्वक पूरा किया जाएगा।
आदर्श नगर के विधायक भाटिया ने कहा कि दिल्ली की नयी भाजपा सरकार ने नदी की सफाई के लिए काम शुरू कर दिया है।
यमुना संसद के संयोजक रविशंकर तिवारी ‘यमुना भिक्षु’ ने कहा कि यमुना को तभी साफ किया जा सकता है जब सरकार और समाज मिलकर इस चुनौती का सामना करें।
नदी तट पर ‘सोनिया विहार वाटर स्पोर्ट्स क्लब’ में आयोजित इस कार्यक्रम में ललित कला के विद्यार्थियों ने यमुना के विभिन्न रूपों तथा दिल्ली तथा यहां के लोगों के साथ इसके जुड़ाव को चित्रित किया।
भाषा
राजकुमार अविनाश
अविनाश