ठाणे, 26 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में नाबालिग लड़की की शादी कराने की कोशिश को प्रशासन ने विफल कर दिया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुणे स्थित बाल कल्याण विभाग कार्यालय को एक अज्ञात फोन कॉल से सूचना मिली जिसके बाद ठाणे प्रशासन ने सोमवार को उल्हासनगर इलाके में चल रहे विवाह समारोह को रोक दिया।
नाबालिग लड़की की शादी सोलापुर के 24 वर्षीय युवक से कराई जा रही थी। लड़की सोलाह वर्ष की है।
ठाणे जिले के बाल कल्याण अधिकारी रामकृष्ण रेड्डी के नेतृत्व में बाल कल्याण समिति के अधिकारी विवाह स्थल पर पहुंचे जहां दोनों परिवारों और मेहमानों की उपस्थिति में शादी की रस्में चल रही थीं।
अधिकारियों ने शादी रोकने के बाद लड़की और लड़के के माता-पिता के साथ बातचीत की।
एक अधिकारी ने बताया कि लड़की के पिता गंभीर रूप से बीमार हैं इसलिए परिवार जल्द से जल्द उसकी शादी कराना चाहता था।
बाल विवाह निषेध अधिनियम के तहत दूल्हा, लड़की और लड़के के माता-पिता, शादी कराने वाले पुजारी और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारी ने बताया कि लड़की को संरक्षण गृह में भेज दिया गया है।
भाषा राखी मनीषा
मनीषा