कोलकाता, 23 फरवरी (भाषा) ‘गजलों के बादशाह’ तलत महमूद की पोती और गायकी के इस महान सितारे की जीवनी की लेखिका सहर जमां चाहती हैं कि उनके दादा की 101वीं जयंती पर उनकी ‘बायोपिक (जीवन वृतांत)’ बनाई जाए।
जानी मानी टीवी पत्रकार जमां ने यह भी कहा कि उन्हें खुशी होगी अगर संजय लीला भंसाली जैसे फिल्म निर्माता इस बायोपिक का निर्देशन करें और रणबीर कपूर महमूद की भूमिका निभाएं। महमूद ने 1945 से 1958 के बीच 13 फिल्मों में अभिनय किया था।
महमूद का जन्म 24 फरवरी, 1924 को लखनऊ में हुआ था और उन्होंने नौ मई, 1998 को मुंबई में अंतिम सांस ली। मुंबई में उन्होंने 1950 से कई वर्षों तक काम किया। उन्होंने 1940 के दशक के आरंभ में कुछ वर्षों तक कोलकाता फिल्म उद्योग में भी काम किया।
जमां ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘राज्य सरकारों को तलत महमूद, राज कपूर और अन्य हस्तियों के शताब्दी वर्ष में उनकी याद में कार्यक्रम आयोजित करने की पहल करनी चाहिए।’’
जमां द्वारा लिखित पुस्तक ‘तलत महमूद: द डेफिनिटिव बायोग्राफी’ पर शनिवार को एक सत्र आयोजित किया गया। यह पुस्तक पद्म भूषण से सम्मानित तलत महमूद की जयंती पर 2023 में प्रकाशित हुई थी।
जमां ने कहा, ‘‘ मैं चाहती हूं कि उनके जीवन पर एक बायोपिक बनाई जाए जिसमें तीन शहरों – लखनऊ (उनका गृह नगर), कोलकाता और मुंबई – में उनके घटनापूर्ण सफर को विस्तार से दर्शाया जाए।’’
जमां ने कहा कि वह चाहती हैं कि संजय लीला भंसाली जैसे कोई व्यक्ति इस तरह की परियोजना का निर्देशन करें।
उन्होंने कहा कि अगर ऐसी कोई बायोपिक बनती है तो वह रणबीर कपूर को मुख्य भूमिका में देखना चाहेंगी।
महमूद ने बंगाली, असमिया, मराठी, सिंधी, मलयालम और तेलुगु समेत 16 क्षेत्रीय भाषाओं में गायन किया तथा 800 से अधिक गीतों को अपनी आवाज दी, जिससे उन्हें लाखों प्रशंसकों का प्यार और प्रशंसा मिली।
भाषा राजकुमार नरेश
नरेश