मुंबई, 21 फरवरी (भाषा) अमेरिका के पूर्व दूत कर्ट वोल्कर ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जानते हैं कि यूक्रेन के साथ युद्ध समाप्त करने के लिए रूस को रोकना होगा, लेकिन वह यह भी चाहते हैं कि वाशिंगटन ने जो मदद दी है उसके बदले कीव कुछ दे।
विदेश और राष्ट्रीय सुरक्षा नीति के प्रमुख विशेषज्ञ और यूक्रेन वार्ता के लिए अमेरिका के पूर्व विशेष प्रतिनिधि वोल्कर ने कहा कि चीन एक उभरती हुई शक्ति है जो अमेरिका के लिए प्रत्यक्ष विरोधी है, लेकिन भारत भी एक उभरती हुई ताकत है जो साझा मूल्यों वाला एक मित्र राष्ट्र है।
वोल्कर ने ‘एबीपी नेटवर्क के आइडियाज ऑफ इंडिया समिट 2025’ में कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप व्यक्तिगत रूप से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पसंद करते हैं।
मॉस्को और कीव के बीच युद्ध को समाप्त करने के लिए रूस और अमेरिका के शीर्ष राजनयिकों के बीच बुधवार को हुई बैठक पर वोल्कर ने कहा, ‘‘ट्रंप को, युद्ध समाप्त करने के लिए रूस को रोकना होगा। वह यह भी चाहते हैं कि वाशिंगटन ने जो मदद की है, उसके बदले कीव कुछ देने की पेशकश करे।’’
भाषा
देवेंद्र जोहेब
जोहेब