अयोध्या में राम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य पुजारी का निधन, मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने जताया दुख

Ankit
3 Min Read


लखनऊ, 12 फरवरी (भाषा) अयोध्या में राम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य पुजारी महंत सतेंद्र दास का बुधवार को लखनऊ के एक अस्पताल में निधन हो गया। सूत्रों ने यह जानकारी दी।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 85 वर्षीय महंत सतेंद्र दास के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

उन्हें इस महीने की शुरुआत में मस्तिष्काघात के बाद संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में भर्ती कराया गया था।

अस्पताल ने बताया, ‘‘राम मंदिर अयोध्या के मुख्य पुजारी सतेंद्र दास जी ने आज अंतिम सांस ली। उन्हें तीन फरवरी को मस्तिष्काघात के बाद गंभीर हालत में न्यूरोलॉजी वार्ड के एचडीयू (हाई डिपेंडेंसी यूनिट) में भर्ती कराया गया था।’’

राम मंदिर के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले मुख्य पुजारी दास ने आध्यात्मिक जीवन का विकल्प चुना था। वह 20 वर्ष की आयु से ही प्रधान पुजारी के रूप में कार्यरत थे। उन्होंने छह दिसंबर, 1992 को भी अस्थायी राम मंदिर के पुजारी के रूप में सेवा दी थी, जब बाबरी मस्जिद को ध्वस्त किया गया था। उन्हें पूरे अयोध्या और यहां तक कि उससे इतर भी व्यापक सम्मान मिला।

निर्वाणी अखाड़े से आने वाले दास अयोध्या के सबसे सुलभ संतों में से एक थे और अयोध्या एवं राम मंदिर के घटनाक्रमों के बारे में जानकारी चाहने वाले देश भर के कई मीडियाकर्मियों के लिए संपर्क व्यक्ति थे।

छह दिसंबर, 1992 को जब बाबरी मस्जिद को ध्वस्त किया गया था, तब उन्हें मुख्य पुजारी के रूप में सेवा करते हुए मुश्किल से नौ महीने हुए थे।

विध्वंस के बाद भी दास मुख्य पुजारी के रूप में बने रहे और जब राम लला की मूर्ति एक अस्थायी तम्बू के नीचे स्थापित की गई, तब उन्होंने पूजा भी की।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘परम रामभक्त, श्री राम जन्मभूमि मंदिर, श्री अयोध्या धाम के मुख्य पुजारी आचार्य श्री सत्येन्द्र कुमार दास जी महाराज का निधन अत्यंत दुःखद एवं आध्यात्मिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। विनम्र श्रद्धांजलि।’’

उन्होंने कहा, ‘‘प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त शिष्यों एवं अनुयायियों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ऊं शांति।’’

भाषा जफर सुरभि

सुरभि



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *