नयी दिल्ली, आठ फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव में निर्णायक जीत हासिल की और 26 साल बाद राष्ट्रीय राजधानी की सत्ता में वापसी की, लेकिन उसके गठबंधन सहयोगी जनता दल (यूनाइटेड) और लोक जनशक्ति पार्टी-रामविलास (लोजपा-आरवी) अपनी छाप छोड़ने में नाकाम रहे। इन दोनों दलों ने एक-एक सीट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन दोनों सीट हार गए।
भाजपा ने 70 में से 68 सीट पर चुनाव लड़ा, बुराड़ी को जद(यू) के शैलेन्द्र कुमार और देवली सीट को लोजपा (आरवी) के दीपक तंवर के लिए छोड़ा था। दोनों उम्मीदवार आम आदमी पार्टी (आप) के प्रतिद्वंद्वियों से हार गए।
जद(यू) के कुमार को आप के मौजूदा विधायक संजीव झा ने 20,601 मतों के अंतर से हराया। संजीव झा को 1,21,181 वोट मिले, जबकि कुमार को 1,00,580 वोट मिले।
तंवर आप के प्रेम चौहान से 36,680 मतों के अंतर से हार गए। चौहान को 86,889 वोट मिले, जबकि लोजपा (आरवी) उम्मीदवार को 50,209 वोट मिले।
भाषा संतोष दिलीप
दिलीप