दिल्ली में ‘आप’ के कुशासन का अंत होगा, भाजपा का कमल खिलेगा: मप्र के मुख्यमंत्री |

Ankit
2 Min Read


इंदौर, सात फरवरी (भाषा) दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत का भरोसा जताते हुए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को कहा कि शनिवार को मतगणना के बाद दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) के ‘‘कुशासन का अंत’’ होगा।


यादव ने इंदौर में संवाददाताओं से कहा,‘‘पिछले लोकसभा चुनाव के बाद से भाजपा का विजय अभियान जारी है। हरियाणा और महाराष्ट्र के विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत के बाद अब दिल्ली की बारी है।’’

उन्होंने दिल्ली विधानसभा चुनाव की मतगणना से कुछ घंटे पहले कहा,’दिल्ली में आम आदमी पार्टी के लंबे कुशासन का अंत होगा और वहां निश्चित रूप से कमल (भाजपा का चुनाव चिह्न) खिलेगा।’

इस बीच, मध्यप्रदेश की भाजपा इकाई के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने भी दावा किया कि उनकी पार्टी 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में लौटेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दिल्ली में इतिहास बनेगा। हम दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत हासिल करते हुए विपक्षी दलों का सूपड़ा साफ कर देंगे।’’

शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘कुछ ‘एक्जिट पोल’ ने तो कांग्रेस को इस चुनाव में शून्य सीट मिलने का अनुमान जताया है। इसके मद्देनजर राहुल गांधी अपनी पार्टी की चुनावी पराजय के अभी से बहाने ढूंढने लगे हैं।’’

भाषा हर्ष सिम्मी

सिम्मी



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *