भुवनेश्वर, पांच फरवरी (भाषा) ओडिशा में विपक्षी पार्टी बीजू जनता दल (बीजद) ने बुधवार को मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से आदिवासी महिलाओं की त्वचा के रंग पर उनकी कथित टिप्पणी को लेकर माफी की मांग की।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो क्लिप वायरल हुई है, जिसमें क्योंझर जिले के आदिवासी माझी को यह बयान देते हुए सुना जा सकता है।
रविवार को यहां ‘मयूरभंज उत्सव’ को संबोधित करते हुए माझी ने यह कथित बयान दिया था। इस वीडियो फुटेज में उन्हें यह कहते हुए सुना गया, ‘‘मैं हमेशा एक गोरी लड़की से शादी करना चाहता था। लेकिन आदिवासी लड़कियां गोरी नहीं होतीं। इसलिए गोरी लड़की की तलाश में मैं मयूरभंज जिले से जुड़ गया और वहीं की एक लड़की से शादी कर ली।’’
‘पीटीआई’ हालांकि स्वतंत्र रूप से वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं कर सका।
बीजद की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सदस्य सरोजिनी हेम्ब्रम ने बुधवार को मयूरभंज जिला मुख्यालय बारीपदा में संवाददाताओं से कहा, ‘‘माझी के इस बयान से समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं। हम उनसे माफी की मांग करते हैं।’’
हेम्ब्रम ने कहा, ‘‘यह बयान माझी की भेदभावपूर्ण मानसिकता को दर्शाता है। खुद एक आदिवासी होने के नाते, उनकी इस टिप्पणी ने हमारी भावनाओं को बहुत ठेस पहुंचाई है।’’
बीजद नेता ने यह भी आरोप लगाया कि राज्यभर में आदिवासी महिलाओं के खिलाफ बलात्कार और अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं।
बीजद नेता एवं मयूरभंज जिला परिषद अध्यक्ष भारती हंसदा ने भी इस टिप्पणी के लिए मुख्यमंत्री की आलोचना की।
उन्होंने कहा, ‘‘आदिवासी समुदाय की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने के बजाय, उन्होंने (माझी) आदिवासी महिलाओं के रंग-रूप के बारे में अपमानजनक टिप्पणी की है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।’’
इससे पहले कोरापुट के सांसद सप्तगिरि उलाका और पार्टी के ओडिशा प्रभारी अजय कुमार समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने माझी की टिप्पणी की आलोचना की थी।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं ने इस मुद्दे पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
भाषा
देवेंद्र नरेश
नरेश