नयी दिल्ली, दो फरवरी (भाषा) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को दावा किया कि दिल्ली की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने इस डर से केंद्रीय सहायता लेने से इनकार कर दिया कि इसका श्रेय नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को चला जाएगा।
रक्षा मंत्री ने राष्ट्रीय राजधानी में तीन चुनावी रैलियों को राजेंद्र नगर, लक्ष्मी नगर और चांदनी चौक में संबोधित किया।
दिल्ली में पिछले 26 सालों से कांग्रेस या आप के सत्ता में होने का जिक्र करते हुए सिंह ने कहा कि इस बार भाजपा को मौका मिलना चाहिए।
इनमें से एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के तहत भारत की अर्थव्यवस्था आगे बढ़ी है, लेकिन दिल्ली को इससे कोई फायदा नहीं हुआ।
सिंह ने कहा, ‘‘भाजपा को लंबे समय से दिल्ली की सेवा करने का मौका नहीं मिला… दिल्ली में वह विकास नहीं हुआ, जिसकी यह हकदार थी।’’
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में भारत विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि 2014 में भारत 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था थी, लेकिन आज यह पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है।
सिंह ने कहा, ‘‘जब भारत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकास कर रहा है, तो दिल्ली क्यों पीछे रह जाए? शहर की सरकार केंद्र की मदद नहीं लेती है। हम किसी भी राज्य के साथ भेदभाव नहीं करते हैं, लेकिन (दिल्ली) के मुख्यमंत्री डरते हैं कि मोदी जी को श्रेय मिलेगा।’’
सिंह ने कहा कि आप और कांग्रेस दोनों एक ही हैं, दिल्ली में ‘दोस्ताना मैच’ चल रहा है।
सिंह ने कहा, ‘‘कांग्रेस और आप एक ही हैं, उन्होंने ‘इंडिया’ गठबंधन बनाया। लेकिन फिर कांग्रेस लालची हो गई और कहा कि वे अपने दम पर चुनाव लड़ेंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस और आप के बीच दोस्ताना लड़ाई चल रही है।’’
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला बोलते हुए रक्षा मंत्री ने आरोप लगाया कि शराब नीति मामले में जेल भेजे जाने के बाद भी केजरीवाल ने इस्तीफा नहीं दिया।
उन्होंने आप प्रमुख पर अपने वादे पूरे नहीं करने का भी आरोप लगाया। कांग्रेस का दिल्ली की राजनीति में कोई अस्तित्व नहीं होने का दावा करते हुए सिंह ने कहा, ‘‘राहुल गांधी ने दावा किया था कि वह मर जाएंगे, लेकिन भाजपा के साथ समझौता नहीं करेंगे… क्या किसी ने आपसे भाजपा के साथ समझौता करने के लिए कहा था?’’
कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे की आलोचना करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा, ‘‘उन्होंने महाकुंभ के बारे में कुछ टिप्पणी की… क्या वह अन्य धर्मों के खिलाफ ऐसी टिप्पणी कर सकते हैं?’’
चांदनी चौक में एक रैली में महाकुंभ में भगदड़ का जिक्र करते हुए सिंह ने कहा कि वह इस मुद्दे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ से बात करेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘कुंभ में एक बड़ा हादसा हुआ। मैं जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’
दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव पांच फरवरी को होंगे और मतगणना आठ फरवरी को होगी।
भाषा
संतोष नरेश
नरेश