गढ़चिरौली (महाराष्ट्र), दो फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में माओवादियों ने पुलिस का मुखबिर होने के संदेह में 45 वर्षीय व्यक्ति की रविवार को हत्या कर दी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना रविवार तड़के दक्षिण गढ़चिरौली के भामरागढ़ तहसील के अंतर्गत किएर गांव में हुई।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार माओवादियों ने एक ‘‘निर्दोष आम नागरिक’’ की गला घोंटकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि मारे गए व्यक्ति की पहचान किएर गांव निवासी सुखराम मडावी के रूप में की गई है।
उन्होंने बताया कि शव के पास मिले पर्चे में माओवादियों ने यह झूठा दावा किया है कि सुखराम पुलिस का मुखबिर था और उसने जिले के पेनगुंडा इलाके सहित कई जगहों पर नए शिविर खोलने में पुलिस की मदद की थी।
अधिकारी ने बताया कि माओवादियों द्वारा यहां किसी आम नागरिक की हत्या किए जाने का इस साल यह पहला मामला है।
पुलिस ने बताया कि घटना की जांच जारी है।
भाषा सिम्मी शोभना
शोभना