कांग्रेस पार्टी 18 जनवरी से प्रदेश में निकालेगी ‘किसान-मजदूर सम्मान एवं न्याय यात्रा’

Ankit
3 Min Read


लखनऊ, तीन जनवरी (भाषा) कांग्रेस पार्टी के आनुषांगिक संगठन अखिल भारतीय किसान कांग्रेस ने 18 जनवरी से उत्तर प्रदेश में ‘किसान-मजदूर सम्मान एवं न्याय यात्रा’ निकालने का निर्णय लिया है। कांग्रेस की ओर से शुक्रवार को यह जानकारी दी गयी।


प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से जारी एक बयान में कहा गया कि आज यहां उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पूर्व मंत्री अजय राय की अध्यक्षता में एक बैठक संपन्न हुई, जिसमें 18 जनवरी से निकाली जाने वाली ‘‘किसान मजदूर सम्मान एवं न्याय यात्रा’’ की तैयारियों के सिलसिले में चर्चा की गयी।

किसान मजदूर सम्मान एवं न्याय यात्रा को उत्तर प्रदेश में सुनियोजित एवं अनुशासित ढंग से संपन्न करने के लिए अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयकों को मंडल स्तर पर समन्वयक, राष्ट्रीय पदाधिकारियों सहित देश के अन्य प्रांतों से किसान कांग्रेस के पदाधिकारियों को जिले स्तर पर समन्वयक बनाया गया है।

इसके साथ ही उत्तर प्रदेश से किसान कांग्रेस के पदाधिकारियों को जनपद स्तर पर संयोजक बनाकर यात्रा के सफल संचालन का उत्तरदायित्व सौंपा गया है।

बैठक को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला ने कहा कि यह यात्रा प्रदेश में आगामी 18 जनवरी 2025 को गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर से शुरू होगी।

उन्होंने कहा कि इसके बाद निर्धारित तिथियों में ‘‘यात्रा’’ के लिए नियुक्त संयोजकों के नेतृत्व में एवं राष्ट्रीय व प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में प्रदेश के प्रत्येक जनपद में यात्रा निकाली जायेगी। यात्रा के दौरान प्रत्येक जनपद से 300 किसान न्याय योद्धा बनाये जायेंगे।

यात्रा के समापन के बाद प्रदेश के सभी 75 जिलों के 22500 किसान योद्धाओं का सम्मेलन किया जायेगा। शुक्ल ने कहा कि अगले एक वर्ष में हम हर विधानसभा में 300 किसान न्याय योद्धा बनायेंगे एवं 2027 के विधानसभा चुनाव के पूर्व 120900 (एक लाख बीस हजार नौ सौ) किसान योद्धाओं का किसान महासम्मेलन करेंगे।

बैठक को सम्बोधित करते हुए अजय राय ने आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार दोगुना गति से किसानों, मजदूरों, मेहनतकश लोगों और महिला किसान-मजदूर एवं कारीगरों का दमन कर रही है।

उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन के समय केन्द्र सरकार ने देश के सभी किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी का वादा किया था लेकिन आज उस पर सरकार मौन है।

बैठक में अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, प्रभारी संगठन अखिलेश शुक्ला, प्रदेश कांग्रेस के निवर्तमान उपाध्यक्ष विश्व विजय सिंह, पूर्व राज्यमंत्री ओमवीर तोमर, किसान कांग्रेस मध्य जोन के अध्यक्ष जगदीश सिंह, बुंदेलखंड जोन के अध्यक्ष शिव नारायण सिंह परिहार मुख्य रूप से मौजूद रहे।

भाषा आनन्द

संतोष

संतोष



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *