कल्याण बलात्कार-हत्या मामले में आरोपियों की पुलिस हिरासत दो दिन बढ़ी |

Ankit
3 Min Read


ठाणे, दो जनवरी (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे की एक अदालत ने कल्याण में 12 वर्षीय लड़की के कथित अपहरण, बलात्कार और हत्या मामले में गिरफ्तार दंपत्ति की पुलिस हिरासत बृहस्पतिवार को दो दिन के लिए बढ़ा दी।


मुख्य आरोपी विशाल गवली और उसकी पत्नी साक्षी को पुलिस हिरासत खत्म होने के बाद जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश वी.ए. पत्रावले के समक्ष पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, विशाल गवली ने 23 दिसंबर की दोपहर को कल्याण के चक्की नाका इलाके में अपनी पत्नी की मदद से लड़की का कथित तौर पर अपहरण कर लिया, जब वह अपने घर के बाहर खेल रही थी।

पुलिस के मुताबिक, बाद में गवली ने नाबालिग से बलात्कार के बाद उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने बताया कि इसके बाद पति-पत्नी लड़की के शव को ऑटोरिक्शा में लेकर कल्याण-पड्घा रोड पर बापगांव गए और वहां उसे फेंक दिया।

पीड़िता का शव 24 दिसंबर को बरामद हुआ था और उसी रात साक्षी गवली को गिरफ्तार कर लिया गया था।

विशाल को अगले दिन बुलढाणा जिले से गिरफ्तार किया गया।

विशाल कल्याण तहसील के कोलसेवाड़ी का रहने वाला है। बैंक में काम करने वाली साक्षी गवली उसकी तीसरी पत्नी है।

दोनों को अदालत में पेश किए जाने के बाद पुलिस ने मामले की जांच जारी होने की दलील देते हुए हिरासत मांगी।

आरोपियों के वकील ने अदालत से अनुरोध किया कि आरोपियों के रिश्तेदारों को पुलिस हिरासत में उनके साथ रहने की अनुमति दी जाए क्योंकि उन्हें डर है कि बदलापुर जैसी मुठभेड़ में उन्हें मारा जा सकता है। हालांकि, अदालत ने याचिका खारिज कर दी।

वकील ने यह दलील भी दी कि चूंकि अपराध की जांच पूरी हो चुकी है, इसलिए उनकी पुलिस हिरासत की आवश्यकता नहीं है। हालांकि, अदालत ने आरोपी दंपति की पुलिस हिरासत दो दिन के लिए बढ़ा दी।

इस बीच कल्याण में स्थानीय लोगों ने अदालत के बाहर मानव श्रृंखला बनाकर आरोपियों को मौत की सजा देने की मांग की। प्रदर्शन को देखते हुए वहां पुलिस बल तैनात किया गया था।

भाषा जोहेब मनीषा

मनीषा



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *