ओडिशा में शीतलहर जारी, 15 स्थानों पर तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे

Ankit
2 Min Read


भुवनेश्वर, 16 दिसंबर (भाषा) ओडिशा में शीतलहर जारी रहने के बीच राज्य के 15 स्थान पर तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। वहीं, मयूरभंज जिले के सिमलीपाल राष्ट्रीय उद्यान में एक डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो राज्य मे सबसे ठंडा स्थान रहा।


भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने ओडिशा में सोमवार से अगले दो दिन तक शीतलहर जारी रहने का अनुमान जताया है।

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि राज्य की ओर आ रही शुष्क हवाओं और उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के कारण ओडिशा में ठंडा मौसम है।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, भुवनेश्वर के अनुसार, ओडिशा के 15 स्थानों पर सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।

राज्य के मैदानी इलाकों में से इस्पात नगरी राउरकेला में न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पहाड़ी इलाके के जी उदयगिरि में तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।

मौसम विभाग ने बताया, ‘‘ओडिशा में अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान (रात के तापमान) में कोई भी बदलाव न होने की संभावना है। इसके बाद राज्य के विभिन्न जिलों में तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होगी।’’

उन्होंने बताया कि झारसुगुड़ा, सुंदरगढ़ और अंगुल जिले के एक या दो स्थानों पर मंगलवार को शीतलहर की स्थिति रहने संभावना है।

सिमलीपाल राष्ट्रीय उद्यान के अंदर स्थित मौसम वेधशालाओं ने बताया कि ऊपर बाराकमुडा में सबसे कम एक डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके बाद चहाला में तीन डिग्री सेल्सियस, नवाणा में चार डिग्री सेल्सियस, बरेहीपानी में पांच डिग्री सेल्सियस, गुरुगुरिया में छह डिग्री और मयूरभंज जिले के रामतीर्थ में 10 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के सूत्रों ने बताया कि मयूरभंज, क्योंझर और सुंदरगढ़ जिले के विभिन्न स्थानों पर बर्फ की एक पतली परत जमने की खबरें सामने आई हैं।

भाषा

प्रीति दिलीप

दिलीप



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *