तृणमूल सांसद कल्याण बनर्जी |

Ankit
2 Min Read


नयी दिल्ली, 11 दिसंबर (भाषा) तृणमूल कांग्रेस सांसद कल्याण बनर्जी ने संसद की कार्यवाही बार-बार स्थगित किए जाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी तथा कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए बुधवार को आरोप लगाया कि इसके कारण अन्य दलों को उनके मुद्दे उठाने का अवसर नहीं मिल पाता।


संसद परिसर में संवाददाताओं से बातचीत में बनर्जी ने कहा कि इन पार्टियों के हंगामे के चलते सदन की बैठक स्थगित करने के लिए मजबूर होना पड़ता है जिसके चलते अन्य दलों को उनके मुद्दे उठाने का अवसर नहीं मिल पाता है।

बनर्जी ने कहा, ‘‘सदन कांग्रेस एवं भाजपा की इच्छा पर कामकाज करता है… सदन चलाना है या नहीं, यह कांग्रेस और भाजपा को तय करना चाहिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा सत्तारूढ़ पार्टी है। कांग्रेस मुख्य विपक्षी दल है। उन्हें सदन में अवसर मिलता है। हमें कुछ नहीं मिलता। किसी भी मुद्दे पर यदि वे चाहते हैं तो सदन बंद करवा दिया जाता है।’’

तृणमूल सांसद ने कहा, ‘‘यदि भाजपा नहीं चाहती कि सदन चले तो निशिकांत दुबे आएंगे और एक मुद्दा उठा देंगे। इसी प्रकार कांग्रेस भी करती है। वे एक मुद्दा उठाते हैं और सदन स्थगित हो जाता है। अन्य पार्टियों के बारे में क्या…., हमारा कामकाज नहीं हो रहा है।’’

लोकसभा में आज कार्यवाही बाधित रही तथा सदन को दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। सदन में अमेरिकी करोड़पति जार्ज सोरोस तथा कांग्रेस नेतृत्व के बीच कथित संबंधों पर सत्ता पक्ष एवं मुख्य विपक्षी दल के बीच आरोप प्रत्यारोपों का दौर चल रहा है।

भाषा माधव मनीषा

मनीषा



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *