(फाइल फोटो के साथ)
बेंगलुरु, 10 दिसंबर (भाषा) कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एस. एम. कृष्णा का सोमवार रात उनके आवास पर निधन हो गया। उनके परिवार ने यह जानकारी दी।
परिवार के एक सूत्र ने बताया कि वरिष्ठ राजनेता एस. एम. कृष्णा (92) लंबे समय से बीमार थे।
सूत्र ने बताया, ‘‘एस. एम. कृष्णा अब नहीं रहे और उन्होंने अपने आवास पर देर रात दो बजकर 45 मिनट पर अंतिम सांस ली। पार्थिव शरीर को आज मद्दुर ले जाए जाने की संभावना है।’’
कर्नाटक के मांड्या जिले के सोमनहल्ली में एक मई, 1932 को जन्मे सोमनहल्ली मल्लैया कृष्णा विदेश मंत्री और महाराष्ट्र के राज्यपाल भी रहे।
कांग्रेस में लंबे समय तक रहने के बाद कृष्णा अपने राजनीतिक जीवन के अंतिम दौर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए थे।
भाषा यासिर सुरभि
सुरभि