नयी दिल्ली, एक दिसंबर (भाषा) परिधान निर्यात संवर्धन परिषद (एईपीसी) ने रविवार को कहा कि भारत में ब्रिटिश परिधान कंपनियों के लिए आयात के बड़े अवसर हैं।
एईपीसी ने कहा कि इन कंपनियों को अगले साल यहां होने वाले ‘मेगा टेक्सटाइल शो’ में बड़ी संख्या में भाग लेना चाहिए।
‘भारत टेक्स 2025’ का आयोजन यहां 14-17 फरवरी, 2025 को भारत मंडपम में और अगले साल 12-15 फरवरी को ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में किया जाएगा।
इस प्रदर्शनी में कंपनियां संपूर्ण कपड़ा मूल्य श्रृंखला का प्रदर्शन करेंगी, जिसमें हस्तशिल्प, परिधान मशीनरी, रसायन और रंग जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
एईपीसी के चेयरमैन सुधीर सेखरी ने कहा कि ब्रिटेन एक वैश्विक फैशन केंद्र है और परिधान का छठा सबसे बड़ा आयातक है, जिसका 2023 में कुल आयात मूल्य 20.27 अरब अमेरिकी डॉलर था।
उन्होंने कहा कि भारत, अपने मजबूत कपड़ा और परिधान क्षेत्र के साथ, लंबे समय से ब्रिटेन के लिए एक भरोसेमंद भागीदार रहा है।
ब्रिटेन के भागीदारों को आकर्षित करने के लिए, परिषद ने 27 से 29 नवंबर तक लंदन में ‘भारत टेक्स रोड शो’ का आयोजन किया है।
भाषा पाण्डेय
पाण्डेय