विस अध्यक्ष ने उपचुनाव में निर्वाचित भाजपा, रालोद के विधायकों को शपथ दिलाई |

Ankit
5 Min Read


(तस्वीरों के साथ)


लखनऊ, 29 नवंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने हाल में हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के निर्वाचित विधायकों को शुक्रवार को विधानसभा की सदस्यता की शपथ दिलाई।

वहीं, भाजपा ने विधानसभा उपचुनाव में निर्वाचित हुए राजग गठबंधन के सभी विधायकों का शुक्रवार को अपने प्रदेश मुख्यालय में अभिनंदन किया।

उप्र विधानसभा की नौ सीट के उपचुनाव के लिए 20 नवंबर को मतदान हुआ और 23 नवंबर को मतगणना हुई थी। इस उपचुनाव में भाजपा को छह और उसके सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के एक सीट मिली थी। करहल और सीसामऊ सीट से समाजवादी पार्टी विजयी हुई थी।

नवनिर्वाचित विधायकों- कुंदरकी से रामवीर सिंह, फूलपुर से दीपक पटेल, खैर से सुरेंद्र सिंह, गाजियाबाद से संजीव शर्मा, कटेहरी से धर्मराज निषाद और मझवां से सुचिस्मिता मौर्य (सभी भाजपा) तथा मीरापुर से रालोद की मिथलेश पाल ने आज विधानसभा में शपथ ग्रहण की।

विधानसभा अध्यक्ष महाना ने सभी विजयी उम्मीदवारों को शपथ दिलाई। उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विजयी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं देते हुए इसे प्रदेश के विकास और जनता की आस्था की जीत बताया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी के अलावा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी तथा संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना सहित मंत्री और विधायक मौजूद थे।

भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में राजग गठबंधन के सभी सात विधायकों का अभिनंदन किया गया।

यहां जारी एक बयान में कहा गया कि योगी, चौधरी, मौर्य, पाठक तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने सभी नवनिर्वाचित विधायकों का अभिनंदन किया।

कार्यक्रम का संचालन भाजपा के प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान ने किया।

मुख्यमंत्री ने अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए नवनिर्वाचित विधायकों, पार्टी कार्यकर्ताओं, मंत्रियों और पदाधिकारियों की उपचुनाव के दौरान मिले दायित्वों को लेकर की गई कड़ी मेहनत और समर्पण के लिए सराहना की।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि टीम भावना और एकजुटता के साथ कार्य करने से असंभव को भी संभव बनाया जा सकता है। योगी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उपचुनाव में भाजपा को मिली प्रचंड जीत से विपक्षी दल भयभीत हो गए हैं और वे अब बस आरोप ही लगा सकते हैं।

योगी ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा और अधिक प्रचंड जीत हासिल करेगी।

उन्होंने कहा कि जहां लोग जीत की संभावना पर सवाल उठाते थे, वहां भाजपा ने न केवल जीत हासिल की बल्कि अपनी स्थिति और मजबूत की। योगी ने कहा कि कुंदरकी में 1.45 लाख मतों से रिकॉर्ड तोड़ जीत इसका उदाहरण है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चौधरी ने सभी निर्वाचित विधायकों का स्वागत करते हुए कहा कि जनता जनार्दन ने भाजपा को खूब आशीर्वाद दिया है। उन्होंने कहा कि कटेहरी एवं कुंदरकी में भाजपा ने लंबे समय बाद जीत हासिल की है।

चौधरी ने कहा कि कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का इस जीत में अहम योगदान है।

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष अपनी पराजय सुनिश्चित मानकर नकारात्मक एजेंडे पर काम कर रहा है और लोगों को भड़काने तथा बहकाने का काम कर रहा है। चौधरी ने कहा, ‘‘भाजपा ने मोदी एवं योगी के नेतृत्व में सभी संकल्पों को पूरा किया है। हमें विपक्ष के झूठ और नकारात्मक राजनीति का मुंहतोड़ जवाब देना है। उसका पर्दाफ़ाश करना है।’’

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मौर्य ने कहा कि उपचुनाव की इस जीत ने 2027 का झंडा बुलंद कर दिया है तथा यह जीत भाजपा के विजय अभियान की शुरुआत है।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सभी विजयी उम्मीदवारों का एक-एक कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा, ‘‘सीसामऊ में हम कम अंतर से चुनाव हारे हैं, करहल में तो दांत खट्टे करने वाले अनुजेश यादव का भी अभिनंदन है। अगली बार 2027 में इन सीटों के साथ 2017 से भी बड़ी जीत भाजपा को मिलेगी।’’

विधानसभा अध्यक्ष ने बृहस्पतिवार को समाजवादी पार्टी से सीसामऊ से निर्वाचित नसीम सोलंकी को सदस्यता की शपथ दिलाई थी।

भाषा आनन्द नेत्रपाल

नेत्रपाल



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *