आप ने दिल्ली के प्रशांत विहार के विस्फोट को लेकर भाजपा की आलोचना की

Ankit
2 Min Read


नयी दिल्ली, 28 नवंबर (भाषा) दिल्ली के प्रशांत विहार इलाके में पीवीआर के पास विस्फोट होने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार पर हमला किया।


आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से ‘जागने और अपना संवैधानिक कर्तव्य निभाने’ की अपील की।

केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘हत्या, जबरन वसूली और लूट के बढ़ते मामलों के कारण दिल्ली के लोग पहले से ही डर में जी रहे हैं और अब एक धमाका भी हुआ है। दिल्ली में सभी को शांति और सुरक्षा से रहने का अधिकार है। गृह मंत्री अमित शाह जी, कृपया जागें और अपनी जिम्मेदारी निभाएं।’’

जिस समय विस्फोट हुआ, करीब -करीब उसी समय केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह और दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज सहित आप नेता कानून और व्यवस्था की स्थिति पर पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने ‘‘दिल्ली का अपराध मानचित्र’’ जारी किया, जिसमें बलात्कार, हत्या और केंद्रीय गृह मंत्री के आवास के 30 किलोमीटर के दायरे में जबरन वसूली जैसी घटनाओं का विवरण था।

केजरीवाल ने सवाल किया, ‘‘अगर गृह मंत्री अपने घर के पास सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर सकते, तो दिल्ली के बाकी लोग कैसे सुरक्षित महसूस कर सकते हैं?’’

आप के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर बाद में टिप्पणी की गई,‘‘जब अरविंद केजरीवाल कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भाजपा की विफलता पर एक पत्रकार वार्ता कर रहे थे, उसी समय दिल्ली को प्रशांत विहार में एक और विस्फोट का सामना करना पड़ा। अमित शाह की विफलता इससे अधिक स्पष्ट नहीं हो सकती थी।’’

सिसोदिया एवं सिंह ने दिल्ली को ‘भारत की अपराध राजधानी’ बताया।

भाषा राजकुमार रंजन

रंजन



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *