छत्तीसगढ़ में नाबालिग से बलात्कार के आरोप में सरकारी स्कूलों के तीन शिक्षकों सहित चार गिरफ्तार

Ankit
3 Min Read


मनेन्द्रगढ़ (छत्तीसगढ़), 26 नवंबर (भाषा) छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में 17 वर्षीय लड़की के साथ बलात्कार करने के आरोप में मंगलवार को सरकारी स्कूलों के तीन शिक्षकों सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।


पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लड़की के साथ 15 और 22 नवंबर को जनकपुर थाना क्षेत्र में दो बार कथित तौर पर बलात्कार किया गया था तथा इस संबंध में पीड़िता की शिकायत के आधार पर मंगलवार को मामला दर्ज किया गया।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवगढ़ के दो शिक्षकों अशोक कुमार कुशवाहा और कुशल सिंह परिहार, सरकारी प्राथमिक विद्यालय देवगढ़ के प्रधानाध्यापक रावेंद्र सिंह कुशवाहा और वन विभाग के कर्मचारी बनवारी सिंह के रूप में हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि शिकायत के अनुसार, 15 नवंबर को आरोपी रावेंद्र एक अन्य सरकारी स्कूल की 11वीं कक्षा की छात्रा को पढ़ाई में मदद करने के बहाने अपनी कार में कुशल के घर ले गया जहां पहले से ही एक अन्य आरोपी अशोक मौजूद था।

उनके मुताबिक, तीनों ने कथित तौर पर बारी-बारी से लड़की के साथ बलात्कार किया तथा आरोपियों ने इस कृत्य को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड भी किया और उसे धमकी दी कि यदि उसने किसी को घटना के बारे में बताया तो वे इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर देंगे।

उन्होंने बताया कि तीनों आरोपियों ने लड़की को ब्लैकमेल किया और 22 नवंबर को बनवारी के किराए के घर में फिर से उसके साथ बलात्कार किया। बनवारी ने कथित तौर पर इस अपराध में उनका साथ दिया था।

अधिकारियों ने बताया कि धमकी के बाद लड़की डर गई थी लेकिन बाद में उसने हिम्मत जुटाकर अपने माता-पिता को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद मंगलवार को इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि तीनों आरोपी शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है।

भाषा सं संजीव नोमान

नोमान



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *