कृपालु महाराज की बेटी की हादसे में मृत्यु, सात अन्य जख्मी

Ankit
2 Min Read


मथुरा, 24 नवंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के वृन्दावन स्थित प्रेम मंदिर के संस्थापक कृपालु महाराज की बड़ी बेटी विशाखा त्रिपाठी की रविवार सुबह यमुना एक्सप्रेस—वे पर नोएडा के निकट एक भीषण दुर्घटना में मृत्यु हो गई। इस घटना में उनकी दो बहनों समेत सात अन्य लोग गम्भीर रूप से घायल हो गये।


कृपालु महाराज के मुख्य शिष्य एवं प्रेम मंदिर के मुख्य सेवक अजय त्रिपाठी ने संवाददाताओं को बताया कि जगतगुरू दिवंगत कृपालु महाराज की तीनों बेटियां तड़के चार बजे सिंगापुर जाने के लिये दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे जा रही थीं कि इसी दौरान रास्ते में नोएडा में पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी कारों को टक्कर मार दी।

उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में कृपालु महाराज की बेटियों विशाखा त्रिपाठी (75), कृष्णा त्रिपाठी तथा श्यामा त्रिपाठी सहित आठ लोग घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि विशाखा त्रिपाठी की कुछ ही देर में मौके पर ही मौत हो गयी। उनकी दोनों छोटी बहनों को गंभीर रूप से घायल हालत में दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने बताया कि उनकी स्थिति बेहद नाजुक बतायी जा रही है। अन्य घायलों को भी अस्पताल में उपचार जारी है।

त्रिपाठी ने बताया कि मृतका विशाखा त्रिपाठी का अंतिम संस्कार वृन्दावन में ही किया जाएगा।

जगतगुरू कृपालु महाराज एवं उनका परिवार मूलत: उत्तर प्रदेश के ही प्रतापगढ़ जनपद के मनगढ़ (कुण्डा) का मूल निवासी है। विशाखा त्रिपाठी ही वहां स्थित आश्रम की देखरेख करती थीं, जबकि उनकी दोनों छोटी बहनें क्रमश: वृन्दावन एवं बरसाना स्थित मंदिरों का कार्यभार संभालती हैं।

भाषा सं. सलीम अमित रंजन

रंजन



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *