कांग्रेस ने अदाणी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन किया

Ankit
6 Min Read


नयी दिल्ली/बेंगलुरु, 22 नवंबर (भाषा) अरबपति उद्योगपति गौतम अदाणी पर अमेरिका में कथित रिश्वतखोरी और धोखाधड़ी का आरोप लगने के बाद विपक्ष ने शुक्रवार को भी जोर-शोर के साथ उनकी गिरफ्तारी की मांग की जबकि केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के सहयोगी आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने कथित अनियमितताओं के संबंध में कार्रवाई करने का वादा किया।


देश भर में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों ने अदाणी की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ जांच शुरू करने की मांग को लेकर संवाददाता सम्मेलन किए।

अमेरिकी अभियोजकों ने अदाणी पर चार भारतीय राज्यों में सौर ऊर्जा अनुबंधों के लिए अनुकूल शर्तों के बदले भारतीय अधिकारियों को लगभग 2,200 करोड़ रुपये की रिश्वत देने की एक विस्तृत योजना का हिस्सा होने का आरोप लगाया है।

अदाणी समूह ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि अमेरिकी अभियोजकों के आरोप निराधार हैं और समूह सभी कानूनों का अनुपालन करता है।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री नायडू ने अमरावती में कहा कि राज्य सरकार के पास पिछली वाईएसआरसीपी सरकार और अदाणी समूह से जुड़े कथित रिश्वत घोटाले से संबंधित अमेरिका में दायर ‘आरोपपत्र’ देख रही है। उन्होंने अनियमितताओं पर कार्रवाई करने का ‘वादा’ किया।

पिछली वाईएसआरसीपी सरकार के अधिकारियों पर अदाणी समूह से रिश्वत लेने का आरोप है।

विधानसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार उन आरोपों का अध्ययन करके कार्रवाई करेगी। वाईएसआरसीपी ने अपने नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ लगाए गए आरोपों को खारिज कर दिया है और कहा है कि अदाणी समूह के साथ कोई सीधा समझौता नहीं किया था।

अदाणी की गिरफ्तारी की मांग करने के बाद, राहुल गांधी ने शुक्रवार को लोगों से भ्रष्टाचार के ‘खतरनाक खेल’ को समझने का आह्वान करते हुए कहा कि इसमें जनता ही हार होती है।

कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र से अदाणी के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने का आग्रह किया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी सरकार पर उन्हें बचाने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस आगामी संसद सत्र के दौरान इस मुद्दे को उठाएगी और जांच की मांग करेगी।

खरगे ने बेंगलुरु में संवाददाताओं से कहा, “हम संसद में इस मुद्दे को उठाएंगे और जांच की मांग करेंगे। चूंकि वह (अदाणी) भारत में हैं, इसलिए उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए, उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए। सरकार को सब कुछ पता है, इसलिए उन्हें उनके खिलाफ जल्दी से जल्दी कार्रवाई करनी चाहिए।”

पटना में, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने अदाणी की ‘तत्काल गिरफ्तारी’ की राहुल गांधी की मांग का जोरदार समर्थन किया।

प्रसाद (70) ने कहा, “राहुल गांधी सही कह रहे हैं। अदाणी को गिरफ्तार किया जाना चाहिए।”

बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने एक संवाददाता सम्मेलन में घोषणा की कि पार्टी की राज्य इकाई शनिवार को देश को बदनाम करने वाले अदाणी समूह के अनैतिक कृत्यों के खिलाफ विरोध मार्च निकालेगी।

उन्होंने कहा, “हम देश की प्रतिष्ठा को धूमिल नहीं होने दे सकते… घोटाले के उजागर होने से अदाणी समूह के बॉण्ड की कीमतें गिर गई हैं। आम लोगों की मेहनत की कमाई बर्बाद हुई है।”

हैदराबाद में, आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) की अध्यक्ष वाईएस शर्मिला ने अपने भाई और पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी पर राज्य को अदाणी समूह को ‘खाली चेक’ देने और कथित तौर पर इसे “अदाणी प्रदेश” बनाने का आरोप लगाया।

शर्मिला ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरोप लगाया, “जगन ने आंध्र प्रदेश राज्य को अदाणी को खाली चेक दिया और इसे अदाणी प्रदेश बना दिया। उन्होंने 1,750 करोड़ रुपये की रिश्वत के लिए आंध्र के लोगों की भावनाओं को गिरवी रख दिया।”

इस बीच, आंध्र प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डी पुरंदेश्वरी ने कहा कि अदाणी समूह के खिलाफ अमेरिका से आए आरोप गंभीर सवाल खड़े करते हैं और दावा किया कि इन आरोपों से जुड़े सभी लोग कांग्रेस पार्टी से जुड़े हैं।

गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल ने अदाणी पर लगे आरोपों की संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से जांच कराने की मांग की।

उन्होंने संवाददाता सम्मेलन में कहा, “अगर अमेरिकी एजेंसियां ​​अदाणी समूह के खिलाफ जांच करके अदालत में आरोप पत्र दायर कर सकती हैं, तो भारतीय एजेंसियां ​​ऐसा क्यों नहीं कर सकतीं?”

जम्मू-कश्मीर प्रदेश युवा कांग्रेस (जेकेपीवाईसी) ने भाजपा नीत राजग सरकार पर अदाणी को बचाने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

जेकेपीवाईसी महासचिव अनिरुद्ध साहनी के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने अदाणी समूह के अध्यक्ष के खिलाफ लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र जांच की मांग करते हुए मार्च निकाला।

अरुणाचल प्रदेश में विपक्षी कांग्रेस ने अदाणी समूह के खिलाफ आरोपों की संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) द्वारा जांच की मांग की। संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष मीना टोको ने कहा कि समूह के खिलाफ अमेरिका के प्रतिभूति विनिमय आयोग (एसईसी) द्वारा लगाए गए आरोप गंभीर प्रकृति के हैं।

भाषा जोहेब सुरेश

सुरेश



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *