भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की बरेली इकाई के पूर्व अध्यक्ष पर दुष्कर्म का मामला दर्ज |

Ankit
2 Min Read


बरेली (उप्र), 15 नवंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की बरेली इकाई के पूर्व अध्यक्ष अनीस अंसारी सहित छह लोगों के खिलाफ पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।


यह प्राथमिकी बृहस्पतिवार को बारादरी पुलिस थाने में 32 वर्षीय एक महिला की शिकायत पर दर्ज की गई, जिसने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मुख्यमंत्री से भी शिकायत की थी।

यह घटनाक्रम अंसारी द्वारा आठ नवंबर को अपने पद से इस्तीफा दिए जाने के कुछ दिनों बाद सामने आया है, जब उनके और एक महिला के बीच कथित तौर पर ‘‘अश्लील बातचीत’’ के कई छोटे ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे।

अंसारी ने भाजपा नगर इकाई के प्रमुख अधीर सक्सेना को अपना इस्तीफा सौंप दिया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि अनीस अंसारी, उनके बेटे शाहनवाज, जावेद उर्फ बबलू, जावेद मीडिया, फैजल और एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

बारादरी थाने के प्रभारी अमित पांडे ने महिला की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज किए जाने की पुष्टि की है।

थाना प्रभारी ने बताया, ‘‘अंसारी ने 13 अक्टूबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें महिला पर मोहपाश में फंसाकर जबरन वसूली का आरोप लगाया गया था। महिला ने अब आरोप लगाया है कि अंसारी के साथियों ने उसे धमकाया और उसके साथ मारपीट की। इसके अलावा, उसने अंसारी पर दुष्कर्म समेत कई अन्य आरोप भी लगाए हैं।’’

भाषा सं जफर मनीषा खारी

खारी



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *