परिवार के पांच सदस्यों की हत्या के आरोपी ‘विक्की’ की तलाश में जुटी पुलिस |

Ankit
3 Min Read


वाराणसी (उप्र), आठ नवंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के वाराणसी में भेलूपुर क्षेत्र में एक परिवार के पांच लोगों की हत्या के पांचवें दिन पुलिस की जांच मृतक राजेन्द्र के भतीजे विक्की पर केन्द्रित हो गयी। पुलिस की टीम विक्की की तलाश में सम्भावित जगहों पर छापे मार रही है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।


पुलिस के अनुसार भदैनी में एक ही परिवार के पांच लोगों की हत्या में पुलिस की अभी तक की जांच में मृतक राजेन्द्र के भतीजे विक्की पर ही शक की सुई टिकी है। घटना के बाद पुलिस मृतक राजेन्द्र के सभी रिश्तेदारों से सम्पर्क कर चुकी है और एकमात्र विक्की ही ऐसा व्यक्ति है जो अभी तक फरार है। पुलिस की टीम विक्की की तलाश में सम्भावित जगहों पर छापे मार रही है।

पुलिस के अनुसार यह घटना सोमवार रात भदैनी इलाके की है। राजेंद्र गुप्ता का शव मंगलवार दोपहर उनके घर से करीब 10 किलोमीटर दूर मिला, जबकि उनकी पत्नी नीतू (45), बेटे नवनेंद्र (25) और सुबेंद्र (15) और बेटी गौरांगी (16) की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

काशी जोन के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) गौरव बंसवाल ने बताया कि राजेन्द्र गुप्ता के भाई और उसकी पत्नी (विक्की के माता-पिता) की 1997 में हत्या हो गयी थी, जिसमें राजेन्द्र गुप्ता के पिता ने राजेन्द्र पर ही हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।

इस घटना के बाद राजेन्द्र के पिता और एक सुरक्षाकर्मी की भी हत्या हो गयी, जिसमें राजेन्द्र की मां ने राजेन्द्र के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। बाद में 1998 में राजेंद्र की मां के गवाही से पलट जाने के बाद राजेन्द्र जमानत पर बाहर आ गया।

बंसवाल ने बताया कि विक्की के माता पिता की हत्या के समय विक्की छोटा था। परंतु हत्या का प्रत्यक्षदर्शी था। उसके मन में कहीं ना कहीं राजेन्द्र से बदला लेने की भावना बनी हुई थी।

बंसवाल ने बताया कि मृतक राजेन्द्र की वृद्ध मां भी हत्या के पीछे विक्की का हाथ बता रही हैं, क्योंकि विक्की संपत्ति में अपने हिस्से और बदला लेने की बात करता था।

डीसीपी ने बताया कि सामूहिक हत्याकांड में विक्की का हाथ होने के शक के पीछे एक वजह यह भी है कि पुलिस अभी तक मृतक राजेन्द्र के सभी रिश्तेदारों से सम्पर्क कर चुकी है, एकमात्र विक्की ही ऐसा व्यक्ति है जो अभी तक पुलिस के संपर्क में आने से बच रहा है।

बंसवाल ने दावा किया कि पुलिस की टीमें विक्की की तलाश में सभी संभावित जगहों पर छापे मार रही है और जल्द ही वह पुलिस की गिरफ्त में होगा।

भाषा

सं, आनन्द, रवि कांत रवि कांत



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *