विदेशी मुद्रा भंडार 2.67 अरब डॉलर घटकर 682.13 अरब डॉलर पर |

Ankit
2 Min Read


मुंबई, आठ नवंबर (भाषा) भारत का विदेशी मुद्रा भंडार एक नवंबर को समाप्त सप्ताह में 2.67 अरब डॉलर घटकर 682.13 अरब अमेरिकी डॉलर रह गया है।


भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के शुक्रवार को यह जानकारी दी। इससे पिछले सप्ताह देश का विदेशी मुद्रा भंडार 3.46 अरब डॉलर घटकर 684.80 अरब डॉलर रहा था। सितंबर के अंत में विदेशी मुद्रा भंडार 704.88 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंचा था।

आरबीआई के शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, एक नवंबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा मानी जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियां 3.90 अरब डॉलर घटकर 589.84 अरब अमेरिकी डॉलर रह गईं।

डॉलर के संदर्भ में उल्लेखित विदेशी मुद्रा आस्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं की घट-बढ़ का प्रभाव शामिल होता है।

समीक्षाधीन सप्ताह में स्वर्ण भंडार का मूल्य 1.22 अरब डॉलर बढ़कर 69.75 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया।

विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 10 लाख डॉलर घटकर 18.21 अरब डॉलर रह गया।

रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, आलोच्य सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आईएमएफ) के पास भारत का आरक्षित भंडार 40 लाख डॉलर घटकर 4.32 अरब डॉलर पर आ गया।

भाषा निहारिका अजय

अजय



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *