चुनाव के बाद महाराष्ट्र में बदल सकते हैं राजनीतिक समीकरण: वाल्से पाटिल |

Ankit
2 Min Read


मुंबई, सात नवंबर (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता और महाराष्ट्र के मंत्री दिलीप वाल्से पाटिल ने बृहस्पतिवार को कहा कि महाराष्ट्र में 20 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं।


पाटिल ने कहा कि चुनावों में किस गठबंधन की जीत होती है, उससे ज्यादा अहम यह है कि कौन सी पार्टी कितनी सीटें जीतती है।

उन्होंने कहा कि असली जोड़-तोड़ तो परिणाम आने के बाद और नयी सरकार के गठन से पहले शुरू होगा क्योंकि यहां छह पार्टियां हैं।

महाराष्ट्र चुनाव में सत्तारूढ़ महायुति और महा विकास आघाडी गठबंधनों के बीच मुकाबला है।

महायुति में भाजपा, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की राकांपा शामिल है वहीं महा विकास आघाडी में कांग्रेस, शरद पवार की राकांपा (एसपी) और उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) शामिल है।

पुणे जिले के अंबेगांव निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे वाल्से पाटिल ने कहा, ‘प्रत्येक गठबंधन में तीन पार्टियां हैं। किस गठबंधन की जीत होती है, इसे एक तरफ रखिए। महत्वपूर्ण बात यह है कि प्रत्येक पार्टी कितनी सीटें जीतती है।’

वाल्से का मुकाबला राकांपा (एसपी) के देवदत्त निकम से है।

महाराष्ट्र विधानसभा की 288 सीटों के लिए 20 नवंबर को चुनाव होंगे और मतगणना 23 नवंबर को होगी।

भाषा

योगेश अविनाश

अविनाश



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *