पटना में किशोरी से दुष्कर्म, पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया

Ankit
3 Min Read


पटना, दो नवंबर (भाषा) बिहार की राजधानी पटना के एक अपार्टमेंट में एक व्यक्ति ने 15 वर्षीय एक किशोरी के साथ बलात्कार किया, जिसे उसकी सौतेली मां ने कथित तौर पर देह व्यापार के लिए मजबूर किया था। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।


पुलिस ने इस मामले के सिलसिले में पीड़िता की सौतेली मां और एक अन्य महिला समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, पीड़िता को पटना चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (पीएमसीएच) में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

शास्त्री नगर थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने पुलिस के समक्ष आरोप लगाया कि उसकी सौतेली मां और एक अन्य महिला ने उसे देह व्यापार में धकेला।

उसने बताया कि उसकी सौतेली मां ने उसे राजीव नगर में एक आदमी के फ्लैट में भेजा था, जहां शुक्रवार को एक अन्य व्यक्ति ने उसके साथ कथित तौर पर बलात्कार किया। गिरफ्तार किए गए लोगों में दोनों आरोपी भी शामिल हैं।

बाद में, उन्होंने उसे एयरपोर्ट पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

पटना की पुलिस अधीक्षक (मध्य) स्वीटी सहरावत ने कहा, ‘‘चूंकि आरोपी ने लड़की के घायल होने के बारे में पुलिस को संतोषजनक जवाब नहीं दिया, इसलिए एयरपोर्ट पुलिस ने शास्त्री नगर पुलिस को इसकी सूचना दी।’’

उन्होंने बताया कि पुलिस निजी अस्पताल पहुंची और उसे सरकारी चिकित्सा केंद्र में ले गई, जहां उसकी हालत स्थिर बताई गई है।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि अतीत में कई मौकों पर उसकी सौतेली मां ने उसे अवैध कार्य के लिए विभिन्न स्थानों पर भेजा था।

हालांकि, पुलिस ने पांचवें व्यक्ति की संलिप्तता की प्रकृति का खुलासा नहीं किया है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘पुलिस उन स्थानों के बारे में जानकारी एकत्र कर रही है जहां पीड़िता को उसकी सौतेली मां और अन्य लोगों ने पहले भेजा था।’’

सहरावत ने कहा, ‘‘फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मामले से संबंधित सभी वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं। इस संबंध में जांच जारी है।’’

भाषा

देवेंद्र नेत्रपाल

नेत्रपाल



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *