बरेली में पुलिसकर्मियों पर हमला करने पर नौ आरोपी गिरफ्तार, संभल में ऐसी ही घटना में नौ पर प्राथमिकी

Ankit
4 Min Read


बरेली/संभल (उप्र) एक नवम्बर (भाषा) बरेली जिला मुख्यालय के प्रेम नगर थाना क्षेत्र में दीपावली की रात जुआ खेलने से रोकने पर जुआरियों के एक समूह ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर हमला कर दिया जिससे एक उप निरीक्षक (दरोगा) और एक सिपाही घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।


उसने बताया कि इस मामले में नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

उधर, संभल जिले में एक उप निरीक्षक समेत अन्य पुलिसकर्मियों पर हमले के एक अन्य मामले में नौ आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

बरेली के पुलिस अधीक्षक (नगर) मानुष पारीक ने शुक्रवार सायं बताया कि पुलिस टीम पर हमला करने और उपद्रव करने के मामले में पुलिस ने 15 नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और एक अन्य कानून की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

पारीक ने बताया कि पुलिस ने नौ जुआरियों को गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य ने पत्रकारों को बताया कि प्रेमनगर थाने की पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए अशोक, राहुल, वरुण कुमार, अर्जुन, कुणाल, आदेश, धीरज, विपिन और रमेश चन्द्र को गिरफ्तार कर लिया है।

एसएसपी ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयोग की गयी दो लाठियां, लोहे की दो सरिया, ईंटें आदि बरामद की गयी हैं।

उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी से बचने/पहचान छुपाने के उद्देश्य से आरोपियों ने अपने बाल भी कटवा लिए थे।

आर्य के मुताबिक गिरफ्तार सभी आरोपियों के विरूद्ध नियमानुसार विधिक कार्यवाही की जा रही है।

पारीक ने बताया कि दीपावली की रात पुलिस को गश्त के दौरान करीब रात साढ़े 10 बजे होली चौक के पास कुछ लोग जुआ खेलते हुए दिखाई दिए और उनके पास अन्य लोग भीड़ लगाकर खड़े हुए थे।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने भीड़ को देखकर लोगों से अपने-अपने घर जाने को कहा, इतने पर अशोक गाली-गलौज करने लगा।

पुलिस के अनुसार जब दरोगा शुभम चौधरी ने गाली-गलौज का विरोध किया तो धीरज, विजय, कपिल, विपिन, नन्हें, राजू, छोटेलाल, विनोद, कुणाल, आदेश, रमेश चन्द्र, अर्जुन, राहुल और वरुण कुमार समेत कई लोगों ने पुलिस कर्मियों पर बुरी तरह लाठी-डंडे, लोहे की सरिया और ईंटों से हमला किया तथा उन्होंने पुलिसकर्मियों की वर्दी भी फाड़ दी। होमगार्ड दिनेश चंद्र ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।

पारीक के मुताबिक हमले में उप निरीक्षक शुभम चौधरी और सिपाही मनीष गम्भीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सम्भल से मिली खबर के अनुसार जिले के जुनवाई थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच झगड़ा होने पर पहुंची पुलिस के साथ मारपीट और अभद्रता के मामले में नौ आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

संभल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कृष्‍ण कुमार ने शुक्रवार को बताया कि बुधवार रात जुनवाई थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव में दो पक्षों में दूध की गाड़ी घुमाने को लेकर विवाद हो गया जिसके बाद पुलिस टीम पहुंची। उन्होंने लोगों से पूछताछ की तो एक परिवार के लोग उग्र हो गए और उन्होंने उप निरीक्षक सुनील भाटी एवं अन्य लोगों के साथ अभद्रता और मारपीट की।

एसपी ने बताया कि इस मामले का वीडियो भी है। मामले में शिव कुमार सहित नौ लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की हत्या के प्रयास समेत सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

एसपी ने कहा कि कोई भी यदि पुलिसकर्मी के साथ मारपीट करेगा तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

भाषा सं आनन्द

राजकुमार

राजकुमार



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *