नायडू ने हरियाणा विस चुनाव नतीजे पर कहा-महाराष्ट्र, झारखंड में परिणाम भी इसी तरह के होंगे

Ankit
2 Min Read


अमरावती, नौ अक्टूबर (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को कहा कि हरियाणा और जम्मू कश्मीर के विधानसभा चुनाव के रुख को देखा जाए तो महाराष्ट्र और झारखंड में परिणाम भी इसी तरह के होंगे जहां इस साल के आखिर तक विधानसभा चुनाव होने की संभावना है।


दिल्ली के दो दिवसीय दौरे से लौटने के बाद एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए नायडू ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रशंसा की और कहा कि देश को ‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ का समर्थन करने की जरूरत है क्योंकि बार-बार चुनाव होने से विकास कार्य बाधित होंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘जम्मू कश्मीर में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार द्वारा लिए गए निर्णयों के कारण न केवल सामान्य स्थिति बहाल हुई है, बल्कि भाजपा (चुनाव में मत प्रतिशत के मामले में) अकेली सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। यह अच्छी बात है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘नरेन्द्र मोदी ने विकास, कल्याण और सुशासन को मिलाकर प्रशासन दिया है। इससे अच्छे नतीजे मिल रहे हैं। अगर हम इन (चुनाव) नतीजों को देखें, तो महाराष्ट्र और झारखंड में भी यही नतीजे आएंगे, मुझे इसमें कोई संदेह नहीं है। मुझे पूरा भरोसा है कि ऐसा होगा।’’

उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा की जीत और जम्मू कश्मीर में मत प्रतिशत एक ‘‘ऐतिहासिक जीत’’ है। हालांकि ऐसी अटकलें थीं कि भाजपा हिंदी पट्टी में अपनी चमक खो रही है।

हाल ही में संपन्न चुनाव में शानदार प्रदर्शन के लिए प्रधानमंत्री और भाजपा की सराहना करते हुए चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं माननीय प्रधानमंत्री के असाधारण काम के लिए उनकी सराहना करता हूं।’’

राज्य की पूर्ववर्ती वाईएसआरसीपी सरकार पर निशाना साधते हुए नायडू ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में आंध्र प्रदेश ने वित्तीय तबाही देखी है।

भाषा अमित नरेश

नरेश



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *