लंदन, 21 मार्च (भाषा) लंदन स्थित हीथ्रो हवाई अड्डे के प्रशासन ने कहा है कि वह (हवाई अड्डा) शुक्रवार रात देर रात से ‘‘कुछ उड़ानों का सुरक्षित तरीके से संचालन करने में सक्षम’’ होगा।
हीथ्रो हवाई अड्डे को शुक्रवार को लंदन में एक विद्युत उप केंद्र में आग लगने के बाद बिजली आपूर्ति बाधित होने की वजह से बंद कर दिया गया गया था। हवाई अड्डा प्रशासन ने कहा था कि शुक्रवार को विमानों की आवाजाही नहीं हो सकेगी।
हवाई अड्डा प्रशासन ने शुक्रवार सुबह ही घोषणा कर दी थी कि पास के विद्युत उपकेंद्र में आग लगने के कारण हीथ्रो को रात 11.59 बजे तक बंद रखा जाएगा। हवाई अड्डा बंद होने से करीब 2,00,000 यात्री प्रभावित हुए।
उड़ान सेवा पर नजर रखने वाली ‘फ्लाइटरडार 24’ ने कहा कि हीथ्रो से आने-जाने वाली कम से कम 1,350 उड़ानें प्रभावित हुईं।
हीथ्रो ने बिजली कटौती के कारण हुई असुविधा के लिए माफी मांगी।
हीथ्रो के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘घटना के बाद से हमारी टीम तेजी से स्थिति सामान्य करने के लिए अथक प्रयास कर रही है। हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि हम आज देर रात कुछ उड़ानें सुरक्षित रूप से संचालित करने में सक्षम होंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम अन्य हवाई अड्डों पर फंसे लोगों को लाने और यहां से प्रस्तावित उड़ानों के यात्रियों को उनके गंतव्यों तक पहुंचाने के लिए कुछ उड़ानें संचालित करेंगे। कृपया तब तक हवाई अड्डे पर न आएं, जब तक कि आपकी विमानन कंपनी ने आपको ऐसा करने की सलाह न दे।’’
प्रवक्ता ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि कल सामान्य परिचालन बहाल हो जाएगा। हम शीघ्र ही आगे की जानकारी देंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारी प्राथमिकता यात्रियों और हवाई अड्डे पर काम करने वाले लोगों की सुरक्षा है। यूरोप के सबसे व्यस्त हवाई अड्डे के रूप में, हीथ्रो एक छोटे शहर जितनी ऊर्जा का उपयोग करता है, इसलिए पूर्ण और सुरक्षित संचालन बहाल करने में समय लग सकता है। हम इस घटना के कारण हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हैं।’’
भाषा धीरज पारुल
पारुल