(तस्वीरों के साथ)
नयी दिल्ली, दो फरवरी (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर ‘‘यमुना में जहर’’ मिलाने संबंधी उनके बयान को लेकर रविवार को निशाना साधा और उन पर अपने फायदे के लिए झूठ बोलने का आरोप लगाया।
मुंडका से भाजपा उम्मीदवार गजेंद्र दराल के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सैनी ने कहा, ‘‘उनके (केजरीवाल के) झूठ को उजागर करने के लिए मैं पल्ला गांव में यमुना घाट पर गया और खुद पानी पिया, ताकि लोगों का डर दूर हो सके। मैंने उस स्थान से पानी लिया, जहां से हरियाणा दिल्ली को पानी की आपूर्ति करता है, साथ ही उस क्षेत्र से भी जहां केजरीवाल शहर को पानी उपलब्ध कराने का दावा करते हैं।’’
केजरीवाल ने 27 जनवरी को आरोप लगाया था कि हरियाणा की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने यमुना के जरिए दिल्ली को आपूर्ति किए जाने वाले पानी में जहर मिला दिया है।
केजरीवाल ने कहा था, ‘‘डीजेबी (दिल्ली जल बोर्ड) के अभियंताओं को धन्यवाद, जिन्होंने इसे पकड़ लिया और पानी को रोक दिया। यह पानी दिल्ली में प्रवेश नहीं कर सका। यदि यह पानी पेयजल में मिल जाता, तो बड़े पैमाने पर नरसंहार हो जाता।’’
उन्होंने दावा किया था कि भाजपा दिल्ली में अराजकता फैलाने के लिए आपूर्ति किए जाने वाले पानी में ‘‘जहर’’ मिलाना चाहती है ताकि लोगों की मौत के लिए ‘आप’ को दोषी ठहराया जा सके।
भाजपा की शिकायत पर निर्वाचन आयोग ने केजरीवाल को इस मामले में दो नोटिस जारी किए थे।
सैनी ने कहा, ‘‘आम आदमी पार्टी सरकार दिल्ली के लिए एक आपदा रही है। केजरीवाल ने पिछले एक दशक में दिल्ली की आबादी के हर वर्ग को परेशान किया है। उन्होंने झूठे वादों के साथ जनता को धोखा देने के अलावा कुछ नहीं किया है।’’
उन्होंने कहा कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने दिल्ली के लिए स्वच्छ पानी का वादा किया था और दावा किया था कि वह यमुना को साफ करेंगे।
सैनी ने कहा, ‘‘अब 2025 में यमुना की स्थिति और भी खराब हो जाएगी।’’
दिल्ली विधानसभा की 70 सीट के लिए पांच फरवरी को मतदान होगा और मतगणना आठ फरवरी को होगी।
भाषा
देवेंद्र संतोष
संतोष