हरियाणा कांग्रेस ने ‘पार्टी विरोधी’ गतिविधियों के लिए सात नेताओं को निष्कासित किया

Ankit
2 Min Read


चंडीगढ़, 20 फरवरी (भाषा) कांग्रेस की हरियाणा इकाई ने अगले महीने होने वाले नगर निगम चुनावों से पहले ‘‘पार्टी विरोधी’’ गतिविधियों में संलिप्त होने के कारण बृहस्पतिवार को अपने सात नेताओं को निष्कासित कर दिया।


हरियाणा प्रदेश कांग्रेस प्रमुख उदय भान द्वारा जारी पार्टी के आदेश के अनुसार, सात नेताओं को तत्काल प्रभाव से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है।

आदेश में कहा गया है, ‘‘निगम चुनाव-2025 की जारी प्रक्रिया के दौरान हाल के दिनों में पार्टी नेताओं/कार्यकर्ताओं के पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त पाए जाने से संबंधित रिपोर्ट प्राप्त होने के परिणामस्वरूप, निम्नलिखित व्यक्तियों को तत्काल प्रभाव से छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया जाता है।’’

निष्कासित किए गए लोगों में करनाल के जिला कांग्रेस समिति (डीसीसी) के पूर्व अध्यक्ष तरलोचन सिंह और अशोक खुराना, यमुनानगर में पार्टी नेता प्रदीप चौधरी और मधु चौधरी, हिसार के वरिष्ठ नेता राम निवास रारा, गुरुग्राम में पार्टी नेता हरविंदर और राम किशन सैन शामिल हैं।

रारा और सिंह हाल ही में सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल हुए थे। रारा पिछले विधानसभा चुनाव में हार गए थे, जबकि सिंह को 2019 के विधानसभा चुनावों में करनाल विधानसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने हराया था। सिंह मई 2024 में इस सीट पर हुए विधानसभा उपचुनाव में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से हार गए थे।

भाषा शफीक माधव

माधव



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *