हम मराठी लोगों का अपमान, उन पर हमले बर्दाश्त नहीं करेंगे : मनसे नेता |

Ankit
2 Min Read


ठाणे, तीन जनवरी (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में भाषा को लेकर एक मराठी भाषी व्यक्ति और एक फल विक्रेता के बीच हुए झगड़े के बीच महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने शुक्रवार को चेतावनी दी कि मराठी लोगों का अपमान और उन पर हमले की घटनाएं अब बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।


बृहस्पतिवार को ठाणे के मुंब्रा इलाके में एक व्यक्ति ने एक फल विक्रेता से मराठी में फल का भाव पूछा था, लेकिन फल विक्रेता ने ग्राहक से कहा कि वह उसकी भाषा नहीं समझ पा रहा है तथा उसे उससे हिंदी में बात करनी चाहिए। इस पर दोनों में तीखी बहस हो गई और वहां भीड़ इकट्ठा हो गई।

फल विक्रेता के समर्थन में जुटे लोग बाद में नारेबाजी करते हुए थाने पहुंचे और मराठी ग्राहक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मनसे नेता अविनाश जाधव ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘‘हाल के दिनों में मराठी ‘मानुष’ के अपमान और उन पर हमले की घटनाएं बढ़ गई हैं। मुंब्रा से पहले कल्याण, ठाणे, विरार और मुंबई में भी ऐसी घटनाएं हुई हैं। मनसे अब से ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं करेगी।’’

जाधव ने कहा, ‘‘उन्हें यह साहस किसने दिया? मुख्यमंत्री (देवेंद्र फडणवीस) खुद मराठी मानुष हैं, उन्हें ऐसी ताकतों को तुरंत कुचल देना चाहिए।’’

मनसे नेता ने कहा, ‘‘हम ऐसी हरकत करने वालों के घर जाएंगे और उन्हें कुचल देंगे। इससे पैदा होने वाली कानून व्यवस्था की स्थिति पुलिस को संभालने दीजिए। हम आगे से ऐसी हरकतों को कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे।’’

भाषा

राजकुमार पारुल

पारुल



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *