हमें पार्टी को भावी पीढ़ी को सौंपने की जिम्मेदारी लेनी चाहिए : चंद्रबाबू नायडू |

Ankit
2 Min Read


अमरावती, 26 अक्टूबर (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू ने शनिवार को कहा कि पार्टी के सभी नेताओं को ‘‘भविष्य की पीढ़ी’’ को कमान सौंपने की जिम्मेदारी लेनी चाहिए।


नायडू ने तेदेपा के सदस्यता अभियान की औपचारिक रूप से शुरुआत करने के बाद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि तेलुगु देशम पार्टी ने कई चुनौतियों और संकट का सामना किया है।

उन्होंने कहा कि इसके बावजूद तेदेपा ने सफलतापूर्वक सभी चुनौतियों का सामना किया और भविष्य में भी यह शक्तिशाली बनी रहेगी।

यह पहली बार है, जब नायडू ने पार्टी के भावी नेतृत्व के बारे में सार्वजनिक रूप से बात की है।

उन्होंने कहा, ‘‘पहले कई लोगों को लगा था कि तेलुगु देशम पार्टी खत्म हो गई है। लेकिन, तेदेपा हमेशा के लिए बनी रही और हमेशा रहेगी। हम सभी को पार्टी की कमान भावी पीढ़ी को सौंपने की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। हम सभी (पार्टी के) केवल ट्रस्टी हैं। हम केवल उत्तराधिकारी हैं (पार्टी के)…और हमारी जिम्मेदारी है कि जो हमें विरासत में मिला है, उसे भविष्य में अपने उत्तराधिकारियों को सौंपें।’’

तेदेपा ने यहां अपना सदस्यता अभियान शुरू किया, जिसमें नायडू 100 रुपये देकर सदस्य बने।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि तेदेपा देश की पहली ऐसी राजनीतिक पार्टी है, जिसने अपने कार्यकर्ताओं को बीमा कवर देना शुरू किया है।

नायडू के मुताबिक प्रत्येक सदस्य को अन्य लाभों के अलावा पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर भी मिलेगा।

नायडू ने कहा कि तेदेपा संस्थापक एन टी रामाराव के आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने के बाद ही तेलुगु लोगों को मान्यता मिली।

उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि तेदेपा उन कार्यकर्ताओं के साथ खड़ी रहेगी, जिन्हें पिछली वाईएसआरसीपी सरकार के दौरान कष्ट सहना पड़ा था।

नायडू ने कहा कि तेदेपा का सदस्यता अभियान अगले 45 दिनों तक जारी रहेगा और पार्टी के भीतर चुनाव समय आने पर कराए जाएंगे।

भाषा रवि कांतदिलीप

दिलीप



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *