अमरावती, 16 मार्च (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने रविवार को घोषणा की कि अमरावती में भारतीय स्वतंत्रता सेनानी पी. श्रीरामुलु की 58 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
नायडू ने कहा कि श्रीरामुलु के 58 दिन तक भूख हड़ताल करने के कारण ही राज्य का निर्माण हुआ था और इसलिए उनकी प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
नायडू ने उंडावल्ली स्थित अपने आवास पर आयोजित एक कार्यक्रम में श्रीरामुलु को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि श्रीरामुलु की अगली जयंती से पहले स्मारक सहित प्रतिमा का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा।
नायडू ने एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘आंध्र प्रदेश के निर्माण के लिए 58 दिनों तक चले अनशन के सम्मान में अमरावती में पी. श्रीरामुलु की 58 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी।’’
इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकाशम जिले के पदमातिपल्ली गांव में श्रीरामुलु के पैतृक घर को एक संग्रहालय में तब्दील किया जाएगा। गांव में एक आधुनिक स्वास्थ्य केंद्र और एक माध्यामिक विद्यालय भी बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमने 15 दिसंबर को उनके शहीदी दिवस के रूप में मनाकर उनके बलिदान का सम्मान किया है।’’
भाषा प्रीति रंजन
रंजन