सीरिया, दक्षिण कोरिया के घटनाक्रमों पर करीबी नजर बनाए हुए हैं: भारत |

Ankit
2 Min Read


नयी दिल्ली, छह दिसंबर (भाषा) सीरिया में इस्लामवादियों के नेतृत्व में विद्रोहियों का नियंत्रण बढ़ने के बीच भारत ने शुक्रवार को कहा कि वह वहां की स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए है।


विद्रोहियों ने देश के सबसे बड़े शहर अलेप्पो के अधिकतर भूभाग पर कब्जा करने के बाद बृहस्पतिवार को मध्य सीरिया के शहर होम्स को भी काफी हद तक अपने कब्जे में कर लिया है।

हजारों लोगों को होम्स छोड़कर जाना पड़ा है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “हमने उत्तर सीरिया में हाल में लड़ाई तेज होने पर ध्यान दिया है। हम स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए हैं। सीरिया में लगभग 90 भारतीय नागरिक हैं, जिनमें से 14 संयुक्त राष्ट्र के विभिन्न संगठनों के लिए काम कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा, “हमारा मिशन हमारे नागरिकों की सुरक्षा के लिए लगातार उनसे संपर्क बनाए हुए है।”

जायसवाल ने साप्ताहिक संवाददाता सम्मेलन के दौरान एक सवाल के जवाब में यह बात कही।

दक्षिण कोरिया में तेजी से बदलते राजनीतिक घटनाक्रम के बारे में पूछे जाने पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि भारत स्थिति पर नजर रखे हुए है।

दक्षिण कोरिया की सत्तारूढ़ पार्टी ‘पीपुल पावर पार्टी’ (पीपीपी) के प्रमुख ने ‘मार्शल लॉ’ लागू करने के लिए शुक्रवार को राष्ट्रपति यून सुक येओल की संवैधानिक शक्तियों को निलंबित करने का समर्थन किया, जिससे यून के खिलाफ महाभियोग की संभावना बढ़ गई है।

जायसवाल ने कहा, ‘‘दक्षिण कोरिया और भारत के बीच बहुत महत्वपूर्ण साझेदारी है। हमारे बीच मजबूत आर्थिक और राजनीतिक साझेदारी है। हम दक्षिण कोरिया के घटनाक्रम पर नजर रख रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि भारत स्थिति पर नजर रखे हुए है, क्योंकि बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक दक्षिण कोरिया में रह रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि देश में स्थिति जल्द ही स्थिर हो जाएगी।’’

भाषा

देवेंद्र जोहेब

जोहेब



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *