सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में केजरीवाल पर दर्ज प्राथमिकी का अध्ययन कर रहे: आप |

Ankit
2 Min Read


नयी दिल्ली, 28 मार्च (भाषा)आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को कहा कि सार्वजनिक संपत्ति को कथित तौर पर नुकसान पहुंचाने के मामले में दिल्ली पुलिस द्वारा पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी का अध्ययन करने के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को यहां एक अदालत को सूचित किया कि उसने पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल और अन्य के खिलाफ 2019 में राष्ट्रीय राजधानी में बड़े होर्डिंग्स लगाकर कथित रूप से जनता के धन का दुरुपयोग करने के लिए प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस ने अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नेहा मित्तल के समक्ष दायर अपनी अनुपालन रिपोर्ट में यह बात कही।

न्यायाधीश ने 11 मार्च को पुलिस को एक शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया था, जिसमें संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम के उल्लंघन का आरोप लगाया गया था।

आप ने एक बयान में कहा, ‘‘हम प्राथमिकी की प्रति का इंतजार कर रहे हैं और उसके अनुसार उचित कानूनी कदम उठाएंगे।’’

पुलिस द्वारा 15 नवंबर 2019 को दर्ज शिकायत में आरोप लगाया गया है कि भाजपा नेताओं समेत कई नेताओं ने कथित तौर पर सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। आप ने दावा किया कि अदालत ने सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया है।

पार्टी ने आरोप लगाया, ‘‘हालांकि, मीडिया में आई खबरों के अनुसार,प्राथमिकी में केवल अरविंद केजरीवाल का नाम है, जो कानून के चुनिंदा उपयोग को उजागर करता है। भाजपा सभी जांच एजेंसियों को नियंत्रित करती है और उनका इस्तेमाल आप को निशाना बनाने के लिए कर रही है।’’

भाषा धीरज जोहेब

जोहेब



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *