शूटर शिवकुमार समेत चार अन्य को 19 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेजा गया |

Ankit
2 Min Read


मुंबई, 11 नवंबर (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में गिरफ्तार संदिग्ध मुख्य शूटर शिवकुमार गौतम एवं चार अन्य आरोपियों को यहां की एक अदालत ने सोमवार को 19 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।


उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और मुंबई अपराध शाखा ने रविवार को शूटर शिवकुमार (20) तथा उसके चार साथियों को उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के नानपारा से गिरफ्तार किया।

चार अन्य आरोपियों अनुराग कश्यप, ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी, आकाश श्रीवास्तव और अखिलेंद्र प्रताप सिंह को शिवकुमार को शरण देने और नेपाल भागने में मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

अपराध शाखा ने आरोपियों को अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विनोद पाटिल के समक्ष पेश किया।

जांच एजेंसी ने मामले की जांच के लिए उनकी हिरासत मांगी, जिसे अदालत ने 19 नवंबर तक के लिए मंजूर कर लिया।

महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री सिद्दीकी (66) की 12 अक्टूबर को मुंबई के बांद्रा ईस्ट में विधायक और उनके बेटे जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर तीन हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

सिद्दीकी के सीने पर दो गोलियां लगीं और उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गयी।

पुलिस ने इस हत्या के सिलसिले में अब तक 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

भाषा जितेंद्र रंजन

रंजन



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *