मुंबई, 23 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के सांस्कृति मंत्री आशीष शेलार के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल मराठा शासक छत्रपति शिवाजी महाराज के 12 किलों को यूनेस्को विश्व विरासत स्थल का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर फ्रांस के पेरिस में है। एक अधिकारी ने यह रविवार को जानकारी दी।
शेलार के कार्यालय से जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, महाराष्ट्र सरकार ने ‘भारत का मराठा सैन्य परिदृश्य’ विषय के अंतर्गत यूनेस्को को एक प्रस्ताव प्रस्तुत किया है, जिसमें 12 किलों को विश्व विरासत सूची में शामिल करने की मांग की गई है।
बयान में कहा गया है कि प्रस्ताव में रायगढ़, राजगढ़, प्रतापगढ़, पन्हाला, शिवनेरी, लोहागढ़, सालहेर, सिंधुदुर्ग, सुवर्णदुर्ग, विजयदुर्ग, खंडेरी और तमिलनाडु में जिंजी के किले को शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस के निर्देश पर एक प्रतिनिधिमंडल यूनेस्को दर्जा के लिए राज्य का पक्ष रखने को लेकर शनिवार को पेरिस रवाना हुआ।
शेलार ने महाराष्ट्र के प्रस्ताव को यूनेस्को को भेजने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति तथा वैश्विक मंच पर राज्य का प्रतिनिधित्व करने की जिम्मेदारी देने के लिए फडणवीस का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा, “अगर यूनेस्को इन किलों को विश्व विरासत स्थल का दर्जा देता है, तो इससे बेहतर संरक्षण और पर्यटन के विकास के रास्ते खुलेंगे। इससे महाराष्ट्र की सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।”
भाषा नोमान सुभाष
सुभाष