(तस्वीरों के साथ)
लुधियाना (पंजाब), आठ मार्च (भाषा) लुधियाना के ‘फोकल प्वाइंट’ इलाके में शनिवार देर शाम एक कपड़ा फैक्टरी की बहुमंजिला इमारत ढ़ह गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि छह कार्मिकों के मलबे में फंसे होने की आशंका है जिन्हें बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि एक श्रमिक को बचा लिया गया और उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया ।
अधिकारियों के मुताबिक यह घटना शनिवार शाम ‘फोकल प्वाइंट’ के फेज-8 इलाके में घटी।
प्रारंभ में मलबे में सात कार्मिक फंसे हुए थे।
एक चश्मदीद के अनुसार इस इमारत के धंसने से पहले जोरदार आवास सुनायी दी।
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के दो दल, पुलिस, अग्निशमन विभाग और फैक्टरी विभाग एवं नगर निगम की अन्य टीम बचाव अभियान में जुटी हुई हैं।
अधिकारियों के मुताबिक मलबे में फंसे छह कार्मिकों को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
राजस्व मंत्री हरदीप सिंह मुंडियान और उपायुक्त जितेंद्र जोरवाल व्यक्तिगत रूप से घटनास्थल पर बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि फंसे हुए श्रमिकों को बचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उपायुक्त ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग को बचाव अभियान के पूरा होने तक मौके पर मेडिकल टीम और एंबुलेंस तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।
उनके अनुसार नगर निगम और अग्निशमन विभाग को भी वहां चौबीसों घंटे अतिरिक्त कर्मियों को तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।
भाषा
राजकुमार माधव
माधव