पटना, 30 मार्च (भाषा) राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव ने अपने पिता एवं पार्टी प्रमुख लालू प्रसाद के खिलाफ कुछ ‘‘निराधार आरोप’’ लगाने के लिए रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि भाजपा नेता लोगों का ध्यान मुख्य मुद्दों से भटकाने का प्रयास कर रहे हैं।
राजद के गढ़ गोपालगंज में एक रैली को संबोधित करते हुए शाह ने 15 वर्षों तक राज्य की सत्ता संभालने वाले प्रसाद और उनकी पत्नी राबड़ी देवी पर ‘‘जंगल राज’’ का आरोप लगाया।
शाह ने यह भी आरोप लगाया कि जब वे सत्ता में थे, तब राज्य में हत्या, अपहरण और डकैती एक कारोबार बन गया था।
शाह की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘केंद्रीय मंत्री ने राजद और हमारे पार्टी प्रमुख के खिलाफ जो कुछ भी कहा, वह निराधार है। भाजपा नेता लोगों का ध्यान मुख्य मुद्दों से भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘चुनावी वर्ष में देशभर के भाजपाई राजनीतिक पर्यटन के लिए अब बिहार आएंगे-जाएंगे, झूठी घोषणाएं करेंगे, लंबे-चौड़े दावे और वादे करेंगे।’’
भाषा खारी शोभना
शोभना