मुजफ्फरपुर (बिहार), एक फरवरी (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बारे में ‘बेचारी’ टिप्पणी के लिए कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के खिलाफ शनिवार को बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की एक अदालत में शिकायत दर्ज कराई गई।
मुजफ्फरपुर के एक वकील सुधीर ओझा ने सोनिया गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए राष्ट्रपति का कथित रूप से अपमान करने के लिए प्राथमिकी दर्ज करने को लेकर निर्देश का अनुरोध किया गया। ओझा ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा को भी सह-आरोपी बताया है और उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई का अनुरोध किया है।
मुजफ्फरपुर में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) की अदालत में शिकायत दर्ज कराने के बाद ओझा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘सोनिया गांधी ने ‘बेचारी’ टिप्पणी करके राष्ट्रपति मुर्मू का अपमान किया है। यह देश की सर्वोच्च संवैधानिक प्राधिकारी का अपमान है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा इसमें सह-आरोपी हैं। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाना चाहिए।’’
अदालत इस मामले की सुनवाई 10 फरवरी को करेगी।
संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद सदन के बाहर पत्रकारों ने सोनिया गांधी से मुर्मू के लगभग एक घंटे लंबे संबोधन के बारे में पूछा था। सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में सोनिया गांधी को कथित तौर पर यह कहते हुए सुना गया, ‘‘राष्ट्रपति, अंत तक बहुत थक गई थीं…बेचारी, वह मुश्किल से बोल पा रही थीं।’’
एक क्लिप में दिखा है कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अभिभाषण को ‘‘उबाऊ’’ बताया। प्रियंका गांधी भी वहां मौजूद थीं।
राष्ट्रपति भवन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संसद में अभिभाषण पर टिप्पणियों को अस्वीकार्य बताते हुए कहा कि इससे पद की गरिमा को ठेस पहुंची है। राष्ट्रपति भवन ने एक बयान में कहा, ‘‘संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर मीडिया को प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पार्टी के कुछ प्रमुख नेताओं ने ऐसी टिप्पणियां की हैं, जो स्पष्ट रूप से पद की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं, इसलिए ये अस्वीकार्य हैं।’’
भाषा आशीष पवनेश
पवनेश