वाराणसी (उप्र), सात अप्रैल (भाषा) वाराणसी के लालपुर पांडेपुर इलाके में 19 वर्षीय एक युवती के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस सिलसिले में सात आरोपियों में से छह को गिरफ्तार कर लिया है।
इस मामले में युवती के पिता और मां की अलग-अलग दो शिकायतों के आधार पर कुल 23 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। इनमें एक दर्जन आरोपी नामजद हैं।
घटना के संबंध में अपर पुलिस आयुक्त (छावनी) विदुष सक्सेना ने बताया कि पीड़िता 29 मार्च को कुछ युवकों के साथ कहीं गई थी।
उन्होंने बताया कि पीड़िता के घर नहीं लौटने पर उसके परिजनों ने चार अप्रैल को गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। सक्सेना ने बताया कि जब पुलिस ने पीड़िता को बरामद किया तो उसने दुष्कर्म के बारे में कुछ नहीं बताया।
हालांकि, पीड़िता के परिवार ने छह अप्रैल को सामूहिक दुष्कर्म के संबंध में शिकायत दर्ज कराई।
अधिकारी के अनुसार पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 29 मार्च से चार अप्रैल के बीच आरोपी उसे कई होटल और हुक्का बार में ले गए तथा उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया।
इस बीच, पुलिस ने इस मामले में 12 नामजद और 11 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है और अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार रविवार को इस मामले में पीड़िता के पिता ने तहरीर दी थी, जिसके आधार पर पुलिस ने कल ही छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।
बाद में इस मामले में लोगों पर मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने युवती की मां की तहरीर पर 12 नामजद और 11 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है, जिसमें से छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, बाकी अन्य की तलाश जारी है।
पीड़ित युवती की मां ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि उसकी बेटी 29 मार्च को अपनी सहेली के घर गयी थी। रास्ते में घर वापस आते समय उसे राज विश्वकर्मा नाम का लड़का मिला, जो उसे लंका स्थित अपने कैफे ले गया। जहां राज और उसके एक अन्य दोस्त ने उसके साथ दुष्कर्म किया। अगले दिन उसकी बेटी को समीर नाम का लड़का मिला जो अपने किसी दोस्त के साथ मोटरसाइकिल पर था। समीर युवती को मोटरसाइकिल पर बैठाकर किसी राजमार्ग पर ले गया और मोटरसाइकिल पर ही उसका यौन उत्पीड़न किया और युवती को नदेसर छोड़ दिया।
महिला ने बताया कि उसके अगले दिन 31 मार्च को उसकी बेटी को आयुष नाम का एक लड़का अपने पांच अन्य दोस्तों के साथ जिनका नाम सोहेल, दानिश, अनमोल, साजिद तथा जाहिर था, उसे सिगरा स्थित कॉन्टिनेंटल कैफे ले गए और युवती को नशीला पदार्थ पिलाकर बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया।
अगले दिन एक अप्रैल को साजिद नाम का लड़का अपने एक अन्य दोस्त के साथ युवती को होटल ले गया जहां पर दो तीन अन्य लोग मौजूद थे। वहां एक व्यक्ति ने जबरदस्ती उसके साथ गलत काम किया।
इसी तरह दो अप्रैल को राज खान नाम का लड़का उसको अपने हुकुलगंज स्थित घर की छत पर ले गया और नशीला पदार्थ खिला कर गलत काम करने की कोशिश की। युवती के शोर मचाने पर युवकों ने उसे नशे की हालत में अस्सी घाट पर ले जा कर छोड़ दिया। तीन अपैल को दानिश उसे अपने दोस्त के कमरे पर ले गया और वहां सोहेल, शोएब और अन्य किसी लड़के ने उसकी बेटी को नशा कराकर दुष्कर्म किया। बाद में उन सबने युवती को नशे की हालत में चौकाघाट के पास छोड़ दिया। दूसरे दिन चार अप्रैल को युवती घर आई और घटना के बारे में बताया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
भाषा
सं, जफर, आनन्द, रवि कांत रवि कांत