मोदी की लोकप्रियता, शाह के मार्गदर्शन से गुजरात में भाजपा ने स्थानीय निकाय चुनाव जीता:पाटिल

Ankit
3 Min Read


(तस्वीरों के साथ)


अहमदाबाद, 18 फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की गुजरात इकाई के अध्यक्ष सी आर पाटिल ने स्थानीय निकाय चुनाव में पार्टी की शानदार जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और (मुख्यमंत्री) भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के जन-हितैषी कार्यों को दिया है।

सत्तारूढ़ भाजपा ने मंगलवार को गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों में जीत हासिल की। ​​उसने जूनागढ़ नगर निगम (जेएमसी) के साथ-साथ 68 में से 60 नगर पालिकाओं और सभी तीन तालुका पंचायतों में जीत हासिल की। ​​इन निकायों में 16 फरवरी को मतदान हुआ था।

हार स्वीकार करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल ने दावा किया कि जूनागढ़ नगर निकाय समेत कई स्थानों पर पार्टी की सीट बढ़ी हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि नतीजे इतने निराशाजनक नहीं हैं। हालांकि, हमें अपने संगठन को मजबूत करने के लिए कड़ी मेहनत करने की भी जरूरत है। जेएमसी के साथ-साथ चनास्मा और हरिज जैसी कुछ नगर पालिकाओं में भी हमारी सीट की संख्या बढ़ी है। बावला नगर पालिका में हमने 13 सीट जीती हैं, जबकि भाजपा 14 पर है। कई कांग्रेस समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार भी जीते हैं।’’

इस बार, भाजपा राज्य में कांग्रेस से कम से कम 15 नगर पालिकाओं को छीनने में कामयाब रही है। राज्य में सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा ने 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने और पिछले साल 26 लोकसभा सीट में से 25 जीतने के बाद अपना चुनावी प्रभुत्व जारी रखा है।

कांग्रेस को सिर्फ एक नगरपालिका में जीत मिली, जबकि क्षेत्रीय दल समाजवादी पार्टी (सपा) ने दो नगर पालिकाओं पर जीत हासिल कर बेहतर प्रदर्शन किया।

गांधीनगर में मीडिया को संबोधित करते हुए पाटिल ने कहा कि पार्टी जेएमसी और तीन तालुका पंचायतों के साथ सभी 68 नगर पालिकाओं में जीत हासिल करने का लक्ष्य हासिल करने में विफल रही।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व वाली राज्य सरकार द्वारा किए गए जन-हितैषी कार्यों के कारण भाजपा जीती है।

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि भाजपा चुनाव इसलिए जीतती है क्योंकि पार्टी संगठन और निर्वाचित शाखा मिलकर परिणाम हासिल करने के लिए काम करती है।

भाषा राजकुमार माधव

माधव



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *